रमेश कंवर: शिमला
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा विधानसभा के भीतर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और भारतीय सेना के प्रति की गई कथित टिप्पणी को लेकर प्रदेश भर में सियासी पारा चढ़ गया है। सोमवार को भाजपा युवा मोर्चा और भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ ने इस बयान के विरोध में चंबा, कुल्लू और हमीरपुर जिला मुख्यालयों पर जोरदार प्रदर्शन कर मंत्री के पुतले फूंके और उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारी नेताओं का आरोप है कि मंत्री की टिप्पणी भारतीय सेना के शौर्य और सम्मान के खिलाफ है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। तीनों जिलों में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मंत्री से सार्वजनिक माफी और इस्तीफे की मांग की।
चंबा के मिलेनियम गेट पर पुलिस और भाजयुमो कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की
जिला मुख्यालय चंबा में भाजयुमो जिला अध्यक्ष मिलाप ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मिलेनियम गेट के बाहर एकत्रित होकर जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान जब कार्यकर्ता मंत्री जगत सिंह नेगी का पुतला दहन करने आगे बढ़े तो पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिससे दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक व धक्का-मुक्की हुई, हालांकि बाद में प्रदर्शनकारियों ने सांकेतिक पुतला जलाया।
कुल्लू के ढालपुर चौक पर पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर की मौजूदगी में प्रदर्शन
कुल्लू में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने रथ मैदान में मंत्री जगत सिंह नेगी का पुतला फूंका और ढालपुर चौक पर नारेबाजी कर रोष प्रकट किया। पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर और बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी की मौजूदगी में भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री से मंत्री को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की।
हमीरपुर में पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ ने निकाला मार्च, फूंका पुतला
हमीरपुर में भाजपा के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ ने पार्टी कार्यालय से लक्ष्मीबाई पार्क तक विरोध रैली निकालकर मंत्री का पुतला दहन किया। प्रकोष्ठ के नेता पुरुषोत्तम गुलेरिया और अन्य पूर्व सैनिकों ने विधानसभा में दिए गए कथित बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए मंत्री के इस्तीफे की मांग की।