Manali News: जगतसुख की युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, मां ने सहेली पर लगाए बड़े आरोप

26 मिनट पहले
Missing

रमेश कंवर: मनाली

Manali News: पर्यटन नगरी मनाली क्षेत्र के जगतसुख गांव की 19 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती की मां ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को एक अन्य युवती अपने साथ लेकर गई थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

बेटी का मोबाइल फोन बंद आने और साथ ले जाने वाली युवती की ओर से कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर मां ने पुलिस थाना मनाली में शिकायत दर्ज कर बेटी को सकुशल तलाशने की गुहार लगाई है।

 

18 नवंबर को अपने साथ ले गई थी रामशिला में रहने वाली युवती

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जगतसुख निवासी हरि प्रिया पत्नी मुनीष ने शिकायत में बताया कि 18 नवंबर को रामशिला में रहने वाली इशिका पुत्री जोग कुमार उनकी 19 वर्षीय बेटी गुंजन को अपने घर ले गई थी और अगले दिन वापस भेजने की बात कही थी, लेकिन गुंजन घर नहीं लौटी।

 

शुरुआती बातचीत के बाद अब जानकारी देने से कर रही इनकार

मां ने बताया कि शुरुआत में फोन करने पर इशिका ने गुंजन से बात करवाई थी, लेकिन अब वह उसके बारे में कुछ भी बताने से साफ इनकार कर रही है और गुंजन का मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है।

 

अनहोनी की आशंका के बीच मनाली पुलिस ने शुरू की छानबीन

शिकायतकर्ता मां ने बेटी के लापता होने के पीछे इशिका की संदिग्ध भूमिका और किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए उसे सुरक्षित घर पहुंचाने की मांग की है। पुलिस थाना मनाली में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस युवती का पता लगाने के लिए गहनता से जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...