रमेश कंवर: शिमला
Shimla News: राजधानी शिमला स्थित एक निजी होटल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां ठहरे 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक युवक की पहचान ननखड़ी क्षेत्र के करांगला गांव निवासी उमेश सिंगला (26) के रूप में हुई है। इस दुखद घटना के बाद ननखड़ी और करांगला क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
होटल प्रबंधन और साथ ठहरे लोगों पर लगे गंभीर आरोप
मृतक के मामा देवीलाल ने होटल प्रशासन और युवक के साथियों पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार, घटना के समय कमरे में उमेश के अलावा एक युवती और तीन अन्य युवक भी ठहरे हुए थे, लेकिन देर रात मौत होने के बावजूद सुबह 6 बजे के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
निष्पक्ष जांच की मांग, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मृतक के परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा और फिलहाल हर पहलू से मामले की गहनता से जांच की जा रही है।