Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में इस दिन तक मौसम रहेगा शुष्क, बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी में तीन दिन घने कोहरे की चेतावनी; कुकुमसेरी में पारा माइनस 3 डिग्री पहुंचा

Himachal Weather

रमेश कंवर: शिमला

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में आगामी दिनों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से 23 नवंबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में 23 से 29 नवंबर तक बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं है, हालांकि मैदानी और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, बिलासपुर में भाखड़ा बांध के जलाशय क्षेत्र के आसपास, हमीरपुर में सुजानपुर टीहरा और आसपास के क्षेत्रों तथा मंडी के बल्ह घाटी के कुछ हिस्सों में 23, 24 और 25 नवंबर को घना कोहरा छाने की संभावना है। यह कोहरा देर रात और सुबह के समय स्थानीय लोगों व यात्रियों के लिए परेशानी पैदा कर सकता है।

 

सड़क यातायात व कृषि पर पड़ सकता है असर, वाहन धीमी गति से चलाने की सलाह

घने कोहरे के कारण सड़क यातायात प्रभावित होने और कृषि गतिविधियों पर असर पड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी अपडेट लेते रहने, कोहरे के दौरान वाहन धीमी गति से चलाने और अनिवार्य रूप से फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

 

कुकुमसेरी में सबसे कम माइनस 3 डिग्री तापमान, ऊना में पारा 28 डिग्री दर्ज

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम मुख्यतः शुष्क रहा और अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य के आसपास दर्ज किया गया। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस 3 से 7 डिग्री, मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में 3 से 15 डिग्री तथा निचले पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में 6 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिसमें कुकुमसेरी में सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 3 डिग्री सेल्सियस और ऊना में रविवार का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

48 घंटे बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जबकि अगले 48 घंटों के बाद अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। वहीं 26 नवंबर से 29 नवंबर तक प्रदेश में किसी विशेष मौसम चेतावनी की संभावना नहीं जताई गई है।

 

जानिए क्या है जिला स्तर पर मौसम विभाग की ताजा चेतावनी

जिला स्तर पर जारी पूर्वानुमान के तहत बिलासपुर में भाखड़ा बांध जलाशय के आसपास, हमीरपुर में सुजानपुर टीहरा व आसपास के क्षेत्रों और मंडी की बल्ह घाटी के कुछ हिस्सों में घना कोहरा संभावित है। इसके अतिरिक्त ऊना, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, सोलन, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों के लिए कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

 

खबरें और भी हैं...