Himachal News: हिमाचल प्रदेश की बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। चंडीगढ़ स्थित पीजीआई यानी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER) में नर्सिंग ऑफिसर के पदों पर जारी नियुक्ति सूची में हिमाचल प्रदेश की 23 बेटियों ने जगह बनाकर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।
खास बात यह है कि कुल 76 अभ्यर्थियों की इस नियुक्ति सूची में हिमाचल की बेटियों की हिस्सेदारी 30.26 प्रतिशत रही है। सभी अभ्यर्थियों ने पीजीआई में चार वर्षों तक बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई और प्रशिक्षण हासिल किया, जिसके बाद तैयार मेरिट सूची के आधार पर उन्हें नर्सिंग ऑफिसर के पद पर नियुक्ति मिली है।
हमीरपुर की शिवानी रानौत को दूसरा और धर्मशाला की रिशिता शर्मा को पांचवां रैंक
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में हमीरपुर जिले के महादेव (भोरंज) निवासी अजय कुमार की पुत्री शिवानी रानौत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेरिट सूची में दूसरा स्थान हासिल किया है। वहीं, धर्मशाला के रामनगर वार्ड नंबर-5 की निवासी रिशिता शर्मा ने पांचवां रैंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
कांगड़ा, सिरमौर, बिलासपुर और किन्नौर की इन बेटियों का हुआ चयन
नियुक्त होने वाली बेटियों में हिमांशी (गांव लिलानी, तहसील नगरोटा बगवां, जिला कांगड़ा), शुभांगी पोखरियाल (जवाहर नवोदय विद्यालय स्टाफ क्वार्टर, नाहन), अनुष्का (गांव एवं डाकघर समलट्टी, तहसील नगरोटा बगवां) और वैशाली (गांव एवं डाकघर कोलर, तहसील पांवटा साहिब) शामिल हैं। इनके अलावा कृति शर्मा (वार्ड नंबर-11 लखनपुर, तहसील सदर, बिलासपुर) और शैनी (गांव एवं डाकघर टांग टिक्का मच्छान, तहसील धर्मशाला) ने भी सफलता पाई है।
मंडी, कुल्लू, चंबा और सोलन की इन होनहार बेटियों को मिली नियुक्ति
चयनित सूची में शीतल (गांव व डाकघर लबरान, तहसील पूह, किन्नौर), शिवांशी (गांव डाभर, तहसील बल्ह, मंडी), सुकृति कंवर (गांव व डाकघर नेराल, आनी), नेहा चौधरी (गांव व डाकघर दन्वी, तहसील नूरपुर), काशिश नेगी (गांव व डाकघर कल्पा, किन्नौर) तथा सिमरन (गांव महेटा, डाकघर बाली, तहसील बल्ह, मंडी) शामिल हैं। साथ ही मुस्कान (गांव कटयूंम, झंडूता), दीक्षिता (गांव सलवाड़, झंडूता), खुशी (गांव बेहरी, डाकघर नहोला, तहसील भटियात), अंचल नेगी (गांव व डाकघर रिस्पा, किन्नौर) और प्रियाशी (गांव पट्टू मेहलोगा, तहसील कसौली, जिला सोलन) की भी नर्सिंग ऑफिसर पद पर नियुक्ति हुई है।