Mandi News: हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर द्रंग विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की सियासत अभी से तेज हो गई है। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर के 82वें जन्मदिन पर द्रंग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी बनाने का प्रस्ताव पारित किया है।
मंडी के बिजनी में आयोजित जन्मदिन समारोह में प्रदेश भर से कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक पहुंचे थे। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा रखे गए प्रस्ताव का उपस्थित कार्यकर्ताओं ने समर्थन किया, हालांकि खुद कौल सिंह ठाकुर ने चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर न करते हुए कहा कि अब पार्टी को किसी युवा चेहरे को मौका देना चाहिए और टिकट को लेकर हाईकमान का फैसला ही सर्वोपरि होगा।
आठ बार विधायक चुने गए कौल सिंह, बोले- पोते सहित कई युवा टिकट की दौड़ में
मीडिया से बातचीत में कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि द्रंग की जनता के आशीर्वाद से वह आठ बार विधायक चुने गए हैं तथा राज्य मंत्री, मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब उनकी इच्छा है कि पार्टी किसी युवा चेहरे को आगे लाए और उनके पोते सहित कई युवा टिकट की दौड़ में हैं, जबकि अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान करेगा।
मल्लिकार्जुन खड़गे का उदाहरण देकर चंपा ठाकुर ने की चुनाव लड़ने की पैरवी
जिला कांग्रेस कमेटी मंडी की अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने कौल सिंह ठाकुर के दोबारा चुनाव लड़ने की पैरवी करते हुए कहा कि द्रंग की जनता आज भी उन्हें विधानसभा में देखना चाहती है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का उदाहरण देते हुए कहा कि 82 वर्ष की उम्र में भी कौल सिंह ठाकुर पूरी तरह सक्रिय और फिट हैं तथा पांच दशकों की सेवा के कारण समर्थक उन्हें फिर मैदान में देखना चाहते हैं।