चंबा: खेतों में काम करते समय ढांक से गिरकर युवक की मौत

Himachal News

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां सलूणी उपमंडल की टिकरू पंचायत में खेतों में काम करते समय ढांक से गिरकर एक युवक की मौत हो गई है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल पसर गया है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान नीरज (30 वर्षीय), पुत्र शेर सिंह निवासी टिकरू के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक नीरज सोमवार दोपहर करीब 3 बजे अपने खेत में काम कर रहा था, इसी बीच अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरी ढांक में जा गिरा।

 

नागरिक अस्पताल सलूणी में मृत घोषित

हादसा होते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल नीरज को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सलूणी ले गए, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में स्थानीय पंचायत प्रधान ने तत्काल किहार पुलिस थाना को सूचित किया।

 

किहार पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच

सूचना मिलते ही किहार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने बताया कि पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है तथा नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

खबरें और भी हैं...