निगुलसरी-तरंडा सुरंग का निर्माण कार्य फिर से शुरू: तरंडा मंदिर के ऊपर बन रही 300 मीटर सुरंग के शेष 100 मीटर हिस्से के लिए 5.28 करोड़ रुपये स्वीकृत

22 मिनट पहले

Kinnaur News: किन्नौर जिले में लंबे समय से लंबित निगुलसरी–तरंडा संपर्क सड़क के अंतर्गत तरंडा मंदिर के ऊपर निर्माणाधीन सुरंग का निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ हो गया है। इस सुरंग की कुल लंबाई लगभग 300 मीटर है, जिसमें से लगभग 200 मीटर का निर्माण कार्य पहले ही पूर्ण हो चुका है।

शेष लगभग 100 मीटर के निर्माण कार्य को सोमवार, 23 नवंबर को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ पुनः प्रारंभ किया गया। लंबे समय से प्रतीक्षित इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के दोबारा शुरू होने से समस्त ग्रामवासियों में हर्ष का माहौल है।

 

मुख्यमंत्री और मंत्री जगत सिंह नेगी के प्रयासों से 5.28 करोड़ रुपये स्वीकृत

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू एवं राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास तथा जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी के अथक प्रयासों से इस सुरंग के शेष निर्माण कार्य को पूरा करने हेतु 5 करोड़ 28 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। विशेष रूप से मंत्री जगत सिंह नेगी के दिशा-निर्देशों, निरंतर प्रयासों एवं महत्वपूर्ण योगदान से लंबे समय से लंबित इस सुरंग का निर्माण कार्य पुनः शुरू हो पाया है, जो क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

 

पूजा-अर्चना के दौरान जनप्रतिनिधि व लोक निर्माण विभाग के अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर ब्लॉक समिति की वाइस चेयरमैन पालमो देवी, ग्राम पंचायत तरंडा के प्रधान गोविंद मोयान, पूर्व वीसीसी तरंडा के सचिव विजय स्योगी तथा सह-सचिव दिनेश नेगी उपस्थित रहे। इनके अलावा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रमोद नेगी, एसडीओ पीडब्ल्यूडी, साईं शक्ति सॉल्यूशन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर एवं संबंधित विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।

 

सुगम आवागमन का मिलेगा लाभ, ग्रामवासियों ने जताया आभार

सुरंग का निर्माण कार्य पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा एवं सुगम आवागमन का सीधा लाभ मिलेगा। इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के पुनः प्रारंभ होने पर समस्त ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू एवं विशेष रूप से मंत्री जगत सिंह नेगी का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है।

खबरें और भी हैं...