Kangra News: ऊना जिले के हरोली के बड़े कारोबारी राय बहादुर जोधामल कुठियाला ने टीबी मरीजों के इलाज के लिए कांगड़ा के टांडा में 47 एकड़ जमीन सरकार को दान में दी थी, ताकि यहां 400 बिस्तरों वाला क्षय रोग सेनेटोरियम और अस्पताल खोला जा सके। इस सेनेटोरियम की आधारशिला 28 अक्टूबर, 1952 को पंजाब के तत्कालीन गवर्नर चंदूलाल त्रिवेदी ने रखी थी तथा 21 मई, 1958 को देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने इसका उद्घाटन किया था।
इसे उस दौर में एक ‘सेल्फ-कंटेन्ड कॉम्प्लेक्स’ कहा गया था, जहां मरीजों से लेकर डॉक्टरों तक के लिए हर सुविधा मौजूद थी। आज सेनेटोरियम की उसी जगह पर डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय टांडा खड़ा है, जो कांगड़ा सहित चंबा, हमीरपुर, ऊना और मंडी के लोगों को सुलभ स्वास्थ्य सेवा प्रदान कर रहा है।
साल 1996 में रखी गई मेडिकल कॉलेज की नींव
साल 1996 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने यहां मेडिकल कॉलेज की नींव रखी थी और वर्ष 1999 में पहला बैच दाखिल हुआ था। आज यह प्रतिष्ठित संस्थान न केवल डॉक्टर तैयार कर रहा है, बल्कि 500 बिस्तरों वाले आधुनिक अस्पताल और अत्याधुनिक मशीनों के जरिए हजारों मरीजों का सफल इलाज भी कर रहा है।
धर्मशाला में भी बनवाई ऐतिहासिक सराय
23 नवंबर, 1883 को कुठियाला रियासत के गांव हरोली में पैदा हुए जोधामल कुठियाला न केवल एक सफल कारोबारी थे, बल्कि पूरे जीवन परोपकार को अपना धर्म मानने वाले महान दानवीर भी थे। उन्होंने धर्मशाला के डीपो बाजार में भी एक सराय का निर्माण करवाया, जिसका उद्घाटन 14 मई, 1942 को स्वामी सत्यानंद जी महाराज द्वारा किया गया था और यह सराय आज भी उनके नाम से लोगों की सेवा कर रही है।
जम्मू-कश्मीर से अविभाजित पंजाब तक बनवाए स्कूल ब्लॉक, सराएं और दीं छात्रवृत्तियां
उनका परोपकार जम्मू-कश्मीर, अविभाजित पंजाब और रियासती हिमाचल प्रदेश तक फैला हुआ था, जहां उन्होंने डोडा, किश्तवाड़, भद्रवाह और पीओके जैसे दुर्गम पहाड़ी इलाकों में कई सराएं व धर्मशालाएं बनवाईं। उन्होंने चार राज्यों में कई डी.ए.वी. और अन्य सोसायटी द्वारा संचालित स्कूलों में छात्र-छात्राओं के लिए सैकड़ों शैक्षणिक ब्लॉक बनवाकर दान किए, तथा छात्राओं के लिए शुरू की गई छात्रवृत्तियां उनके निधन के बाद आज भी उनका परिवार जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में जारी रखे हुए है।
1937 में मिली ‘राय बहादुर‘ की उपाधि, टांडा कॉलेज में नाम अंकित करने की मांग
समाज के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवाओं को देखते हुए उन्हें वर्ष 1935 में ‘राय साहिब’ और 1937 में ‘राय बहादुर’ की उपाधि से सम्मानित किया गया था तथा 9 अक्टूबर, 1961 को वे इस दुनिया को अलविदा कह गए। टांडा का 47 एकड़ का परिसर, धर्मशाला की सराय और आज भी चल रही छात्रवृत्तियां उनके योगदान की गवाह हैं, ऐसे में आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज में राय बहादुर जोधामल कुठियाला का नाम अंकित करने की मांग पूरी तरह जायज है।