Agniveer Army Recruitment: हमीरपुर के अणु के सिंथेटिक ट्रैक मैदान में भारतीय थल सेना की अग्निवीर भर्ती रैली पूरे उत्साह और कड़े अनुशासन के साथ आगे बढ़ रही है। भर्ती प्रक्रिया के तीसरे दिन सोमवार को विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 550 युवाओं ने शारीरिक फिजिकल टेस्ट में हिस्सा लिया और दौड़ तथा अन्य कठिन बाधाओं को पार करते हुए अपना दमखम दिखाया।
हमीरपुर थल सेना भर्ती कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित की जा रही इस रैली में युवाओं का जबरदस्त जोश देखने को मिल रहा है। भर्ती स्थल पर अभ्यर्थियों के बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और दस्तावेज सत्यापन से लेकर फिजिकल टेस्ट के लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं, ताकि पूरी भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न करवाई जा सके।
मंगलवार सुबह से शुरू होगी मैदान में एंट्री
थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने भर्ती रैली के चौथे दिन की तैयारियों और व्यवस्थाओं का ब्यौरा साझा किया। उन्होंने बताया कि मंगलवार सबेरे से ही चौथे चरण के लिए बुलाए गए अभ्यर्थियों को मैदान में प्रवेश देना शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए तय शेड्यूल का पालन करते हुए समय पर भर्ती स्थल पर पहुंचें।
मूल दस्तावेजों के साथ पहुंचे अभ्यर्थी, भर्ती निदेशक ने दलालों से दूर रहने की दी सलाह
निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने भर्ती प्रक्रिया में भाग ले रहे सभी अभ्यर्थियों को अपने सभी आवश्यक मूल प्रमाण पत्र और दस्तावेज साथ लाने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को आगाह किया कि पूरी सेना भर्ती प्रक्रिया 100% पारदर्शी और केवल योग्यता पर आधारित है, इसलिए किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े, दलालों या बिचौलियों के झांसे में न आएं और केवल अपनी कड़ी मेहनत व लगन पर भरोसा रखें।