लाहुल-स्पीति: SSB के सेवानिवृत्त ASI देवी सिंह का आकस्मिक निधन, पूर्व सैनिकों और नेताओं ने जताया गहरा शोक

1 घंटा पहले
ASI Devi Singh

रमेश कंवर: केलांग (लाहुल-स्पीति)

सशस्त्र सीमा बल (SSB) के सेवानिवृत्त एएसआई (वायरलेस) देवी सिंह ASI Devi Singh के आकस्मिक निधन पर कुल्लू और लाहुल-स्पीति जिले के समस्त एसएसबी भूतपूर्व सैनिकों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मूल रूप से लाहुल-स्पीति के मालंग गांव के निवासी और वर्तमान में कुल्लू जिले के कुट्टा गांव (डाकघर बड़ा गांव) में रह रहे देवी सिंह का गत बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से क्षेत्र के पूर्व सैनिकों और स्थानीय निवासियों में शोक की लहर है।

15 दिसंबर 1944 को जन्मे देवी सिंह ने देश सेवा में अपना अनुकरणीय योगदान दिया। उन्होंने एसएसबी में बतौर एएसआई (वायरलेस) पद पर तैनात रहकर 26 वर्ष और 4 महीने तक अपनी शानदार सेवाएं दीं। इसके पश्चात 1 मई 1992 को वे अपनी सेवाओं से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक कार्यों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए हमेशा तत्पर रहते थे।

जिला कुल्लू और लाहुल-स्पीति के समस्त एसएसबी भूतपूर्व सैनिक संगठन ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। पूर्व सैनिकों ने शोक संदेश में कहा कि देवी सिंह एक कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार व्यक्ति थे, जिनकी कमी हमेशा खलेगी। सभी पूर्व सैनिकों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं और ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवार को इस असहनीय आघात को सहन करने की शक्ति और संबल प्रदान करें।

लाहुल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा, पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर व लाहुल-स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने भी उनके अकस्मात निधन पर अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

खबरें और भी हैं...