Bank Strike: बैंकों की 3 दिवसीय देशव्यापी हड़ताल स्थगित, IBA और UFBU की देर रात बैठक में बनी सहमति

50 मिनट पहले

Bank Strike: 28 से 30 सितंबर तक देशभर में प्रस्तावित बैंकों की तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी Bank Strike को स्थगित कर दिया गया है। रविवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के प्रतिनिधियों के बीच हुई उच्चस्तरीय और अहम बैठक के बाद यह राहत भरा फैसला लिया गया। इस सहमति के बाद अब सोमवार से बुधवार तक देशभर में बैंक शाखाएं और काउंटर सेवाएं सामान्य रूप से संचालित रहेंगी, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिली है।

कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख संगठन UFBU ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय काम रोको आंदोलन का आह्वान किया था। देर रात बनी प्रशासनिक सहमति के बाद हड़ताल टल गई है, हालांकि यूनियनों का कहना है कि उनकी मुख्य मांगों पर सार्थक बातचीत का रास्ता साफ हुआ है।

‘फाइव डे वर्किंग वीक‘ लागू करने की मुख्य मांग पर अड़ी हैं यूनियनें

यूनियनों की सबसे प्रमुख मांग बैंकों में फाइव डे वर्किंग वीक यानी सप्ताह में केवल 5 दिन काम की व्यवस्था लागू करना और हर शनिवार को अवकाश घोषित करना है। वर्तमान व्यवस्था के तहत देश के सभी सार्वजनिक और निजी बैंकों में केवल दूसरे और चौथे शनिवार को ही राजपत्रित अवकाश रहता है, जबकि बाकी शनिवार को सामान्य कामकाज होता है।

2 साल से लंबित है 5-डे वर्किंग का प्रस्ताव

यूनियनों का कहना है कि 5-डे वर्किंग का यह प्रस्ताव पिछले दो वर्षों से अधिक समय से चर्चा में लंबित पड़ा हुआ है। वहीं, सरकारी सूत्रों के मुताबिक यह मुद्दा पिछले वेतन समझौते का हिस्सा नहीं था। हड़ताल की कॉल के बाद वित्त मंत्रालय ने भी बैंक कर्मियों से आम जनता की सुविधा का हवाला देते हुए Bank Strike पर न जाने की अपील की थी। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया था कि पारिवारिक पेंशन से जुड़ी अधिकतर मांगों को पिछली वार्ताओं में ही सुलझाया जा चुका है।

26 अक्टूबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल पर स्थिति होना अभी बाकी है स्पष्ट

हफ्ते में 5 दिन काम करने की इस मांग को लेकर UFBU ने पूर्व में 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी भी दी थी। हालांकि, रविवार देर रात हुई इस आपातकालीन बैठक में 5-डे वर्किंग पर कोई अंतिम सहमति बनी है या नहीं, और आगामी 26 अक्टूबर की प्रस्तावित हड़ताल वापस ली जाएगी या नहीं, इस पर स्थिति आने वाले दिनों में आधिकारिक बयानों के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

खबरें और भी हैं...