Bilaspur News: फोरलेन और रेलवे परियोजनाओं की जांच के लिए बिलासपुर पहुंची सुप्रीम कोर्ट की कमेटी, आज बलोह में होगी पीपीटी प्रस्तुति

3 सप्ताह पहले
Bilaspur News

Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश में निर्माणाधीन महत्त्वपूर्ण फोरलेन और रेलवे परियोजनाओं की लगातार निगरानी एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने के उद्देश्य से सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित विशेष कमेटी बिलासपुर पहुंची है। इसी कड़ी में कमेटी ने बिलासपुर जिले का दौरा कर विभिन्न स्थलों पर चल रहे फोरलेन और रेल लाइन निर्माण कार्यों का मौके पर जायजा लिया।

कमेटी के सदस्यों ने निर्माण कार्य की प्रगति के साथ-साथ परियोजनाओं के लिए की जा रही पहाड़ी कटिंग, तकनीकी मानकों, सुरक्षा उपायों और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का गहनता से निरीक्षण किया। इस निरीक्षण दौरे के दौरान वन विभाग, खनन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने कमेटी के सदस्यों को जिले में जारी विभिन्न विकास परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा विकास परियोजनाओं के निर्माण के दौरान पर्यावरण संतुलन, सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इस कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी इन दिनों हिमाचल प्रदेश के प्रवास पर है और इसी क्रम में बिलासपुर जिले के दौर पर पहुंची है।

उपायुक्त राहुल कुमार ने जानकारी दी कि बुधवार को कमेटी के समक्ष फोरलेन और रेलवे परियोजनाओं की अब तक की प्रगति को लेकर बिलासपुर के बलोह में एक विस्तृत प्रेजेंटेशन (पीपीटी) दी जाएगी। इस बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे तथा प्रशासनिक अधिकारी पूरी प्रक्रिया में कमेटी का सहयोग कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...