Himachal News: बजौरा में सुनार की दुकान में ग्राहक बनकर आया शातिर, चकमा देकर उड़ा ले गया 40 ग्राम सोना

रमेश कंवर: कुल्लू

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के बजौरा में एक आभूषण विक्रेता की दुकान से शातिर चोर द्वारा लाखों रुपये के सोने के गहने चुराने का मामला सामने आया है। आरोपी ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुआ और मौका मिलते ही चालाकी से लगभग 40 ग्राम सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया।

चोरी गए सोने की कुल कीमत लगभग 5.5 लाख रुपये आंकी गई है। शातिर चोर की यह पूरी करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

 

दुकान में मौजूद महिला को झांसे में लेकर जेब में छिपाए गहने

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय दुकान पर स्वर्णकार की पत्नी मौजूद थी। इसी बीच सिर पर कैप पहने एक संदिग्ध व्यक्ति दुकान में प्रवेश करता है और सोना खरीदने की इच्छा जताता है। महिला उसे एक-एक कर सोने के गहनों के डिजाइन दिखाने लगी। गहने देखने के दौरान जब महिला ने उससे पूछा कि क्या उसे आज ही खरीदारी करनी है, तो शातिर ने बड़ी सफाई से गहनों का एक हिस्सा उठाया, उसे अपने रुमाल में लपेटा और चुपके से अपनी जेब में सरका लिया।

 

फोन पर डिस्काउंट की बात की और कल आने का झांसा देकर फरार हुआ

चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपी के चेहरे पर शिकन तक नहीं आई। उसने महिला से दुकान के मालिक यानी उसके पति से फोन पर बात करवाने को कहा। फोन पर दुकानदार से डिस्काउंट को लेकर चर्चा की और यह कहकर दुकान से निकल गया कि वह बाकी खरीदारी करने कल आएगा। बाद में जब गहनों का मिलान किया गया तो लगभग 40 ग्राम सोने के आभूषण गायब मिले, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरी की इस वारदात का खुलासा हुआ।

 

सीसीटीवी फुटेज हुई जारी, पुलिस ने शुरू की शातिर चोर की तलाश

घटना के बाद दुकानदार ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सार्वजनिक की है और आसपास के अन्य स्वर्णकारों तथा व्यापारिक मंडलों को आगाह किया है। उन्होंने अपील की है कि यदि इस हुलिए का कोई व्यक्ति सोने के गहने बेचने आए, तो तुरंत इसकी सूचना दी जाए। उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान में जुट गई है।

खबरें और भी हैं...