Himachal News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसते हुए विशेष जांच टीम (SIT) ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर दो अलग-अलग सफल कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान कुल 53 ग्राम अवैध चिट्टा (हेरोइन) की बड़ी खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पंजाब और हिमाचल प्रदेश के रहने वाले 4 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए सभी चार आरोपियों के खिलाफ थाना झंडूता में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नशा सिंडिकेट की जड़ों तक पहुंचने के लिए आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है।
पुलिस द्वारा पहली बड़ी कार्रवाई कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर स्थित धराड़सानी के पास अंजाम दी गई। यहां विशेष जांच टीम ने नियमित गश्त और चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध वोल्वो बस को रोका।
बस में सवार यात्रियों की तलाशी लेने पर दो युवकों के कब्जे से 45 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय फ्रैंकलिन और 18 वर्षीय स्टीफन के रूप में हुई है, जो अमृतसर (पंजाब) के मजीठा रोड क्षेत्र के रहने वाले हैं।
दूसरी सफलता इसी फोरलेन पर छत्त नामक स्थान के पास मिली, जहां पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और संदेह के आधार पर एक टैक्सी को जांच के लिए रोका।
टैक्सी की गहनता से तलाशी लेने पर उसमें से 8 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इस मामले में पुलिस ने मंडी जिले के बल्ह और बलद्वाड़ा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले 29 वर्षीय नरेंद्र कुमार और 24 वर्षीय गुलशन को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है।