Himachal News: 390 ग्राम चरस के साथ युवक गिरफ्तार

Himachal News

Himachal News: जिला चम्बा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत पुलिस के विशेष जांच दल (SIU) को एक और सफलता हाथ लगी है। एसआईयू सैल की टीम ने चम्बा-तीसा मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी और गश्त के दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से 390 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने नशीले पदार्थ की खेप को जब्त करते हुए आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना चम्बा सदर में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आरोपी की पहचान प्रमोद कुमार (पुत्र ज्ञान चंद), निवासी गांव शेरू, डाकघर थनेईकोठी, तहसील चुराह, जिला चम्बा के रूप में की गई है। पुलिस अब इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई करने की फिराक में था।

जानकारी के अनुसार एसआईयू सैल की टीम चम्बा-तीसा मुख्य मार्ग पर नियमित गश्त और कानून-व्यवस्था के निरीक्षण पर तैनात थी। इसी दौरान जब पुलिस टीम बेडा नामक स्थान के समीप पहुंची, तो सड़क किनारे पैदल जा रहे प्रमोद कुमार की नजर अचानक पुलिस दल पर पड़ी। खाकी को सामने देखकर वह सकपका गया और तेजी से कदम बढ़ाते हुए भागने की कोशिश करने लगा। उसकी संदिग्ध हरकतों को भांपते हुए टीम ने उसे घेराबंदी कर तुरंत काबू कर लिया। जब संदेह के आधार उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 390 ग्राम चरस बरामद हुई।

क्या कहती है पुलिस

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि आरोपी को मादक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी में उसके साथ अन्य कौन-कौन से स्थानीय या बाहरी तस्कर शामिल हैं, ताकि पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कसा जा सके।

खबरें और भी हैं...