गांधी-शास्त्री जयंती पर शिमला में ‘मेरा भारत-मेरी ज़िम्मेदारी’ अभियान: रिज से जाखू मंदिर तक चला स्वच्छता अभियान, 110 किलो प्लास्टिक कचरा एकत्र

3 सप्ताह पहले

रमेश कंवर: शिमला

Himachal News: महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में शिमला में मेरा भारत – मेरी जिम्मेदारी पहल के अंतर्गत एक व्यापक स्वच्छता अभियान का सफल आयोजन किया गया। यह अभियान मेरा युवा भारत (शिमला), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (भारत सरकार) के स्वयंसेवकों तथा निफा गैर सरकारी संगठन शिमला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने ऐतिहासिक रिज मैदान से लेकर प्रसिद्ध जाखू हनुमान मंदिर तक के पूरे मार्ग के दोनों ओर तथा मंदिर परिसर में गहन सफाई अभियान चलाया।

 

110 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक किया एकत्र

इस विशेष सफाई अभियान में युवाओं और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए लगभग 110 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया। एकत्र किए गए कचरे में मुख्य रूप से सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री, बोतलें और रैपर्स शामिल थे। अभियान का प्राथमिक उद्देश्य न केवल पर्यटन स्थलों और सार्वजनिक मार्गों की स्वच्छता सुनिश्चित करना था, बल्कि आम नागरिकों व पर्यटकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी था।

 

सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर किया जागरूक

अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को सिंगल यूज प्लास्टिक के गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने समझाया कि इस प्रकार का प्लास्टिक पर्यावरण और पहाड़ी पारिस्थितिकी तंत्र के लिए अत्यंत हानिकारक है, इसलिए इसके उपयोग को पूरी तरह बंद करना समय की मांग है।

 

नागरिकों से सहयोग की अपील

स्वयंसेवकों ने संदेश दिया कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल शिमला को प्लास्टिक मुक्त और हरित बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ वातावरण न केवल स्थानीय लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाता है, बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों के सामने भी एक सकारात्मक छवि प्रस्तुत करता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक व पर्यावरण अभियानों में निरंतर भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

खबरें और भी हैं...