रमेश कंवर: शिमला
Himachal News: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के रामपुर विधानसभा क्षेत्र के तकलेच प्रवास के दौरान स्थानीय निवासियों और विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने उनका भव्य स्वागत किया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों और स्थानीय संस्कृति के बीच लोगों ने लंबी कतारों में खड़े होकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तकलेच को सीबीएसई बोर्ड के अंतर्गत लाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा सुलभ होगी।
गांवों से पलायन रोकने और अभिभावकों का आर्थिक बोझ घटाने की पहल
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को सीबीएसई पैटर्न की शिक्षा दिलवाने के लिए अभिभावकों को मजबूरन उन्हें शहरों की ओर भेजना पड़ता था। इससे न केवल गांवों से पलायन को बढ़ावा मिल रहा था, बल्कि ग्रामीण परिवारों पर भारी अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ता था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी क्षेत्र में सीबीएसई पाठ्यक्रम वाले स्कूल शुरू करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इससे गांवों से पलायन पर अंकुश लगेगा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलने से गरीब तथा मध्यमवर्गीय परिवारों का खर्च भी कम होगा।
तकलेच में बनेगा नया बस स्टैंड, संपर्क मार्गों के लिए बजट की घोषणा
क्षेत्र के विकास को गति देने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि तकलेच में एक नए बस स्टैंड के निर्माण के लिए शीघ्र ही सर्वे करवाया जाएगा। सर्वे प्रक्रिया पूर्ण होते ही राज्य सरकार यहां आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू करवाएगी। इसके अलावा उन्होंने स्थानीय लोगों की मांगों पर क्षेत्र के विभिन्न संपर्क मार्गों के सुधारीकरण के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने का ऐलान किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण इलाकों में सड़क अवसंरचना और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने तकलेच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण भी किया और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।