Himachal News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश के जल संसाधनों और हकों की रक्षा को लेकर एक बहुत बड़ा ऐलान किया है। हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा क्षेत्र में 31.19 करोड़ रुपये की लागत से ब्यास नदी पर बनने वाले 250 मीटर लंबे सधोड़ापत्तन पुल का शिलान्यास करने के बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना को एसजेवीएनएल से वापस लेगी। इसके लिए सरकार 800 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के संसाधनों और अधिकारों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सांसद अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा हमीरपुर मेडिकल कॉलेज को लेकर किए जा रहे दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि यह मेडिकल कॉलेज भाजपा की देन नहीं है, बल्कि तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में 22 जनवरी 2014 को मंजूर हुआ था। उस समय इसके लिए केंद्र सरकार ने 180 करोड़ रुपये दिए थे, लेकिन उसके बाद केंद्र ने कोई मदद नहीं दी। प्रदेश सरकार ने अपने बजट से 450 करोड़ रुपये जारी कर इसका निर्माण कार्य पूरा करवाया है, जो अगले दो महीनों में बनकर जनता को समर्पित हो जाएगा।
नादौन और ज्वालामुखी को जोड़ेगा सधोड़ापत्तन पुल
नादौन के दोबड़ कलां गांव को कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी क्षेत्र के सिल्ह गांव से जोड़ने वाले 31.19 करोड़ रुपये के सधोड़ापत्तन पुल के निर्माण से 15 ग्राम पंचायतों के करीब 30,000 लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। इस डबल-लेन मोटरेबल एवं फुटपाथ पुल के बनने से नादौन और ज्वालामुखी के बीच की दूरी काफी कम हो जाएगी, जिससे सुजानपुर क्षेत्र के लोगों को भी आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
हमीरपुर में बनेगा उत्तर भारत का पहला कैंसर इंस्टीट्यूट
मुख्यमंत्री ने जिले के स्वास्थ्य और शिक्षा ढांचे में अभूतपूर्व सुधारों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज परिसर में जापान के सहयोग से 500 करोड़ रुपये की लागत से उत्तर भारत का पहला अत्याधुनिक कैंसर इंस्टीट्यूट स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही 150 करोड़ रुपये की लागत से सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक का निर्माण भी जल्द शुरू होगा। एम्स (AIIMS) दिल्ली की तर्ज पर प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में 28-28 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटेड लैब बनाई जा रही हैं, जहां एक ही सैंपल से 1,200 जांचें संभव होंगी।
हमीरपुर को एजुकेशन कैपिटल के रूप में विकसित किया जा रहा है
राज्य के विकास मॉडल पर बोलते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि कांगड़ा को टूरिज्म कैपिटल और हमीरपुर को एजुकेशन कैपिटल के रूप में विकसित किया जा रहा है। हमीरपुर में 100 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश का पहला साइंस कॉलेज और नादौन में एलाइड हेल्थकेयर कॉलेज खोला जा रहा है। इसके अतिरिक्त, नादौन में 400 करोड़ रुपये की लागत से ब्यास नदी के तट पर भव्य रिवर फ्रंट और स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर का निर्माण किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन अक्टूबर में होगा।