कुल्लू दशहरा: देवी-देवताओं के नजराने में 5 प्रतिशत और बजंतरियों के भत्ते में 10 फीसदी बढ़ोतरी; सीएम सुक्खू ने किया एलान

रमेश कंवर: कुल्लू

Himachal News: अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के गरिमामय समापन समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने देवभूमि कुल्लू के लिए कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं और देव संस्कृति के संरक्षण से जुड़ी सौगातों की घोषणा की। ऐतिहासिक लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र में आयोजित भव्य समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने देवी-देवताओं के नजराने में पांच प्रतिशत और बजंतरियों के मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी करने का ऐलान किया। इसके साथ ही उन्होंने देव समाज, स्थानीय गूरों और महिला मंडलों के लिए भी विशेष आर्थिक सहायता की घोषणा कर लोक परंपराओं को नई मजबूती प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान प्रत्येक गूर को 1100-1100 रुपये और उत्सव में सहभागिता निभाने वाले महिला मंडलों को 35-35 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के सफल आयोजन में देवी-देवताओं के साथ-साथ बजंतरियों, कारकूनों और देवलुओं की भूमिका सर्वोपरि रहती है, ऐसे में नजराने व मानदेय में की गई इस बढ़ोतरी को समूचे देव समाज के मान-सम्मान और प्रोत्साहन से जोड़कर देखा जा रहा है।

 

कुल्लू-मनाली लेफ्ट बैंक मार्ग और संपर्क सड़कों के सुधार के लिए बजट मंजूर

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिले के सड़क ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कुल्लू-मनाली लेफ्ट बैंक मार्ग की टायरिंग के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके अलावा ग्रामीण कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए कमांद से बाराहार सड़क के निर्माण कार्य हेतु 50 लाख रुपये का प्रावधान करने का ऐलान किया गया, जिससे स्थानीय जनता को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।

 

भुंतर में 22 करोड़ रुपये से सीवरेज का विस्तार, खुलेगा नया विद्युत उपमंडल

शहरी अधोसंरचना को मजबूती देने के लिए मुख्यमंत्री ने भुंतर शहर में सीवरेज व्यवस्था के व्यापक विस्तार हेतु 22 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही क्षेत्रवासियों की बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान और विद्युत आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने के लिए भुंतर में विद्युत उपमंडल-दो खोलने का निर्णय लिया गया है।

 

बजौरा स्कूल में रिटेनिंग वॉल और साइंस लैब सुरक्षा हेतु 21 करोड़ रुपये का ऐलान

शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने के लिए बजौरा स्कूल में रिटेनिंग वॉल के निर्माण और साइंस लैब को सुरक्षित रखने हेतु 21 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई। इस कदम से विद्यालय के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और छात्रों को अत्याधुनिक व सुरक्षित शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।

खबरें और भी हैं...