रमेश कंवर: कुल्लू
Himachal News: कुल्लू की प्रसिद्ध मणिकर्ण घाटी से संबंध रखने वाले प्रमुख समाजसेवी शेरा नेगी ने स्पष्ट किया है कि केवल गोवंश की रक्षा और सेवा करना ही उनकी संस्था का अंतिम उद्देश्य नहीं है, बल्कि गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलवाना उनका मुख्य ध्येय है। कुल्लू में आयोजित एक विशेष पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए समाजसेवी शेरा नेगी ने मीडिया के समक्ष अपनी मुहिम और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
पत्रकार वार्ता के दौरान शेरा नेगी ने हाल ही में घटित एक बड़ी कार्रवाई का ब्यौरा दिया। उन्होंने बताया कि गत शनिवार की रात उनकी संस्था ‘गौसेवा रक्षा दल’ ने मुस्तैदी दिखाते हुए रात के अंधेरे में अवैध रूप से गाड़ी में ठूंसकर ले जाई जा रही एक गाय को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। इस मामले में पुलिस ने संस्था की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया है।
शेरा नेगी ने बताया कि तस्करों से बचाई गई गाय को सुरक्षित देखभाल और उपचार के लिए ‘महादेव गौसदन’ में पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि इस संबंध में किसी भी व्यक्ति या संस्था को कोई शंका या संदेह हो, तो वह स्वयं महादेव गौसदन जाकर प्रत्यक्ष रूप से निरीक्षण कर सकता है। वहां न केवल शनिवार रात बचाई गई गाय की उचित देखभाल हो रही है, बल्कि अन्य बेसहारा गोवंश को भी बेहतर आश्रय व चारा उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि गोवंश की तस्करी और क्रूरता के खिलाफ उनकी संस्था 24 घंटे अलर्ट मोड पर काम कर रही है और ऐसे असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।
अपनी बात को मजबूती से रखते हुए शेरा नेगी ने कहा कि गौमाता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने की इस मुहिम में देशभर की कई प्रमुख समाजसेवी संस्थाएं और विभिन्न संत समाज उनके समर्थन में आगे आए हैं। इस उद्देश्य को हासिल करने के लिए उनकी संस्था द्वारा पूरे देश में एक व्यापक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसे आम जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जैसे-जैसे समय बीत रहा है, समाज के प्रबुद्ध नागरिक, युवा और सामाजिक संगठन इस पवित्र कार्य में उनके साथ जुड़ते जा रहे हैं। सभी मिलकर गौमाता के सम्मान और अधिकार के लिए कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं। शेरा नेगी ने विश्वास जताया कि जनसमर्थन और संत समाज के आशीर्वाद के बल पर वे शीघ्र ही गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने में सफल होंगे।