Himachal News: राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर सफर करने वाले यात्रियों और वाहन चालकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। कुल्लू जिले के धामण में स्थापित 170 फीट लंबे टीडीआर बैली ब्रिज को हटाने और डिस्मेंटल करने का कार्य आगामी 4 सितंबर से 24 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान आम जनता की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू यातायात को ध्यान में रखते हुए जिला दंडाधिकारी कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 के तहत सख्त आदेश जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यटकों के ऑफ-सीजन में एनएच-305 पर यातायात का दबाव कम रहने के चलते यह फैसला लिया गया है ताकि कार्य सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके।
दिन में 6 बार लगेगा वन-वे ट्रैफिक: नोट कर लें डायवर्जन की पूरी समय-सारणी
प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार 4 से 24 सितंबर के बीच धामण में बैली ब्रिज वाले स्थान पर रोजाना निर्धारित समय-सारणी के तहत वन-वे ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। सड़क पर सुबह 8 से 9 बजे, 10 से 11 बजे, दोपहर 12 से 1 बजे, 2 से 3 बजे, शाम 4 से 5 बजे तथा शाम 6 से 7 बजे तक एक-तरफा गाड़ियों की आवाजाही रहेगी। राहत की बात यह है कि प्रत्येक निर्धारित वन-वे अवधि के बीच में सड़क मार्ग को दोनों दिशाओं में सामान्य यातायात के लिए खोला जाएगा ताकि लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।
पुलिस बल तैनात और साइन बोर्ड के निर्देश
कार्यस्थल पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लोक निर्माण विभाग (मैकेनिकल डिवीजन, कुल्लू) के अधिशासी अभियंता को पर्याप्त साइन बोर्ड, चेतावनी सूचनाएं और बैरिकेडिंग लगाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक कुल्लू को मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर यातायात व्यवस्था और नियमों का कड़ाई से पालन कराने की जिम्मेदारी दी गई है। जिला प्रशासन ने सभी वाहन चालकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के दौरान यातायात विनियमन में पूरा सहयोग दें और तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।