रमेश कंवर: कुल्लू
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल अटल टनल रोहतांग में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी अक्टूबर माह में प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जोरों पर शुरू हो गई हैं। राष्ट्रपति की अगवानी और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के उद्देश्य से शनिवार को बहुउद्देश्यीय भवन कुल्लू के सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता एडीएम कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने की।
समीक्षा बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ रक्षा भू-सूचना विज्ञान एवं अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीजीआरई) मनाली, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) तथा दूरसंचार विभाग के आला अधिकारियों ने विशेष रूप से भाग लिया। एडीएम ने राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे से जुड़ी सभी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की और सभी संबंधित विभागों को तय समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्य पूरे करने के सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।
सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और संचार सुविधाओं की हुई गहन समीक्षा
बैठक के दौरान एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने राष्ट्रपति के वीवीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, चुस्त-दुरुस्त यातायात प्रबंधन, निर्बाध संचार व्यवस्था, निर्बाध विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति तथा पार्किंग व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते हर हाल में सुनिश्चित की जानी चाहिए।
आपसी समन्वय के साथ समय पर काम पूरा करने के निर्देश
एडीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और तत्परता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। इस उच्चस्तरीय बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस., एसडीएम मनाली गुंजित सिंह चीमा, सहायक आयुक्त जयबंती ठाकुर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत सिंह सहित विभिन्न प्रशासनिक व सैन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।