कुल्लू में 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को सजेगा ‘सरकार गांव के द्वार’ का मंच: मंत्री अनिरुद्ध सिंह करेंगे अध्यक्षता, निरमंड व जगतसुख में मौके पर होगा समस्याओं का समाधान

10 घंटे पहले
Anirudh Singh 0

रमेश कंवर: कुल्लू

Himachal News: हिमाचल प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार कुल्लू जिले में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। एडीएम सुरजीत सिंह राठौर द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों के अनुसार, यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह की अध्यक्षता में संपन्न होगा।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निवारण करना और प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाना है। जिला प्रशासन ने कुल्लू जिले के सभी जिला स्तरीय विभागाध्यक्षों को इस कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के कड़े निर्देश दिए हैं।

निरमंड के चाटी में 30 सितंबर को लगेगा पहला शिविर

‘सरकार गांव के द्वार’ कड़ी का पहला कार्यक्रम आनी विधानसभा क्षेत्र के उप-मंडल निरमंड में 30 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे चाटी (जगातखाना) में आयोजित किया जाएगा। इस शिविर के दौरान कुशवा, बाखन, सरघा, जगातखाना, तुनन, खार्गा, कशोली, ब्रो और पोशना ग्राम पंचायतों के लोगों की शिकायतों एवं समस्याओं का निपटारा किया जाएगा।

मनाली के जगतसुख में 1 अक्टूबर को सुनी जाएंगी जनसमस्याएं

दूसरा कार्यक्रम 1 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे मनाली विधानसभा क्षेत्र के उप-मंडल मनाली स्थित मेला ग्राउंड जगतसुख में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम के तहत जगतसुख, प्रिणी, चचोगा, गोजरा, करजां और सोयल पंचायतों के ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...