Himachal News: चंडीगढ़ में हिमाचल के 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, किराए के कमरे में मिला शव

2 सप्ताह पहले
Himachal News

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की शिलाई तहसील के तहत पड़ते कुहुंट गांव में उस समय मातम छा गया, जब चंडीगढ़ में कार्यरत 23 वर्षीय युवक अपने किराए के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। होटल लाइन में कार्यरत नौजवान की अचानक हुई इस दुखद मौत से पूरे शिलाई क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुहुंट गांव निवासी चतर सिंह का 23 वर्षीय पुत्र ऋतिक चौहान चंडीगढ़ में एक निजी होटल में नौकरी करता था और वहीं किराए का कमरा लेकर रह रहा था। बताया जा रहा है कि युवक नशे की लत से ग्रस्त था। शनिवार को वह अपने किराए के कमरे के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में पाया गया।

कमरे में शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। पुलिस की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर चंडीगढ़ के अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया।

फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसके सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारणों का खुलासा गहन जांच और विधिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव शिलाई ले जाया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...