Himachal News: शोघी में बस चेकिंग के दौरान पकड़ा गया नशा तस्कर, सिगरेट की डिब्बी में छिपाकर ला रहा था चिट्टा

Himachal News

रमेश कंवर: शिमला

Himachal News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और इसके आसपास के क्षेत्रों में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए शिमला पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस के विशेष सेल (Special Cell) की टीम ने एक 25 वर्षीय युवक को 12 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। शातिर तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए नशे की इस खेप को सिगरेट की डिब्बी में छिपाकर ला रहा था।

पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद मादक पदार्थ को अपने कब्जे में लेकर गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

नाकांबंदी के दौरान हत्थे चढ़ा आरोपी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिमला पुलिस के विशेष सेल की टीम ने शोघी पुलिस चौकी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर नियमित नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान सोलन की तरफ से आ रही एक निजी बस को जांच के लिए रोका गया। जैसे ही पुलिस टीम वाहनों और यात्रियों की चेकिंग के लिए बस के भीतर दाखिल हुई, तो सीट पर बैठा एक युवक पुलिस को सामने देखकर बुरी तरह घबरा गया। हड़बड़ाहट में उसने अपनी जींस की जेब से एक छोटी सी वस्तु निकाली और उसे अपने पैरों के नीचे छिपाने का प्रयास किया।

 

पैरों के पास रखी सिगरेट की डिब्बी से बरामद हुआ 12 ग्राम चिट्टा

युवक की इस संदिग्ध गतिविधि को देखते ही पुलिस टीम पूरी तरह सतर्क हो गई। पुलिस कर्मियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए युवक को काबू में किया और उसकी सीट तथा पैरों के आसपास गहनता से छानबीन की। तलाशी के दौरान वहां से एक सिगरेट की डिब्बी बरामद हुई। जब पुलिस ने संदेह के आधार पर डिब्बी को खोलकर जांचा, तो उसके भीतर एक पारदर्शी पॉलीथीन में रखा 12 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

 

पुलिस ने किया मामला दर्ज

पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी की पहचान 25 वर्षीय मयंक नेगटा पुत्र भूपेंद्र सिंह नेगटा, निवासी तहसील चौपाल जिला शिमला के रूप में हुई है। इस संदर्भ में बालूगंज पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर आगामी पूछताछ कर रही है।

 

बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी शिमला पुलिस

शिमला पुलिस अब इस मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहनता से पड़ताल कर रही है। पुलिस टीम इस बात की जांच में जुटी है कि आरोपी यह नशा कहां से खरीदकर ला रहा था और शिमला शहर में इसे किन-किन लोगों को बेचा जाना था। पुलिस का कहना है कि नशे की सप्लाई चेन से जुड़े मुख्य सप्लायरों और खरीददारों दोनों का पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

खबरें और भी हैं...