Himachal News: सोलन से शिमला आ रही बस में स्पेशल सेल की रेड, 10 ग्राम चिट्टे के साथ किन्नौर का युवक गिरफ्तार

1 घंटा पहले
Himachal News

रमेश कंवर: शिमला

Himachal News: नशे के अवैध कारोबार और ड्रग्स तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस के स्पेशल सेल को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस टीम ने सोलन की तरफ से शिमला आ रही एक बस में चेकिंग के दौरान 10 ग्राम चिट्टा बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 31 वर्षीय रोहित निवासी जिला किन्नौर के रूप में की गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर की रात को स्पेशल सेल शिमला की टीम इलाके में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि किन्नौर का रहने वाला रोहित सोलन की ओर से आ रही बस में चिट्टा लेकर शिमला पहुंच रहा है। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस टीम ने रणनीतिक रूप से नाकाबंदी कर वाहनों की सघन तलाशी शुरू कर दी।

जांच के दौरान सोलन की ओर से पहुंची बस को रोककर जब यात्रियों व उनके सामान की चेकिंग ली गई, तो बस की सीट पर बैठे आरोपी रोहित के पिट्ठू बैग की तलाशी में एक पारदर्शी प्लास्टिक पाउच बरामद हुआ। पाउच को खोलने पर उसके अंदर हल्के भूरे रंग के पदार्थ की दो डलियां पाई गईं, जो जांच में 10 ग्राम चिट्टा निकला।

पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया। इस संदर्भ में पुलिस थाना वेस्ट (बालूगंज) शिमला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करने की कागजी कार्रवाई पूरी कर रही है। इसके साथ ही आरोपी नशे की यह खेप कहां से लाया था और शिमला में किसे सप्लाई करने जा रहा था, इसको लेकर उसके पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।

खबरें और भी हैं...