Himachal News: महिला ने सतलुज दरिया में लगाई छलांग, हुई मौत

2 सप्ताह पहले
Himachal News

Himachal News: सुंदरनगर के डैहर में सतलुज दरिया के पुल से एक 38 वर्षीय महिला ने अचानक छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे स्थानीय जाबांज युवकों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला के शव को दरिया से बाहर निकाला। इस दर्दनाक हादसे के बाद बड़ौन गांव और पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है, वहीं हंसते-खेलते परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान सुनीता देवी (38) पत्नी भगत राम, निवासी गांव बड़ौन (डाकघर जड़ोल, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार सुबह महिला ने अचानक डैहर पुल से सतलुज नदी में छलांग लगा दी। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और युवकों ने साहस का परिचय देते हुए दरिया में छलांग लगाकर शव को पानी से बाहर निकाला।

महिला ने यह खौफनाक कदम किस वजह से उठाया, फिलहाल इसके कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। सुंदरनगर और बरमाणा पुलिस परिजनों व आसपास के लोगों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि घटना के असल कारणों का पता लगाया जा सके।

महिला का शव दरिया से बिलासपुर जिले के बरमाणा पुलिस थाना क्षेत्राधिकार वाले छोर से बरामद किया गया है, इसलिए सीमा विवाद और अधिकार क्षेत्र के तहत मामले की आगामी विधिक कार्रवाई पुलिस थाना बरमाणा की टीम द्वारा अमल में लाई जा रही है।

डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने डैहर पुल से महिला द्वारा छलांग लगाने की पुष्टि करते हुए बताया कि शव बरमाणा थाना क्षेत्र से मिला है, इसलिए कागजी कार्रवाई और शव का पोस्टमार्टम बरमाणा पुलिस द्वारा ही करवाया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...