दो स्कूटियों की जोरदार भिड़ंत: हादसे में एक व्यक्ति की मौत, दो गंभीर घायल PGI रेफर

Himachal News

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में ऊना-होशियारपुर मुख्य मार्ग पर घालूवाल गांव के समीप शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। दो स्कूटियों के बीच हुई भीषण टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक स्कूटी चालक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई।

हादसे में घायल दो अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में पीजीआई (PGI) चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में गांव ईसपुर निवासी वंश ने बताया कि शनिवार देर शाम वह अपनी भतीजी के साथ स्कूटी पर सवार होकर ऊना की तरफ जा रहा था। जब वे घालूवाल के पास पहुंचे, तो विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य स्कूटी के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में आकर उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों स्कूटियों पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर बुरी तरह चोटिल हो गए। स्थानीय निवासियों की मदद से घायलों को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया।

अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने तीनों घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। पीजीआई ले जाते समय एक स्कूटी चालक ने रास्ते में ही घावों का ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया। अन्य दो घायलों का पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज चल रहा है, जहां डॉक्टरों द्वारा उनकी हालत पर निगरानी रखी जा रही है।

 

मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई में जुटी पुलिस

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ऊना मोहन रावत ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है जबकि दो अन्य घायल उपचाराधीन हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।

खबरें और भी हैं...