स्वास्थ्य विभाग का नर्वस सिस्टम हैं फार्मासिस्ट: विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर बोले मंत्री अनिरुद्ध सिंह, 100 पदों पर भर्ती व प्रमोशन चैनल पर काम जारी

11 घंटे पहले

रमेश कंवर: शिमला

Himachal News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के होटल मरीना में ‘विश्व फार्मासिस्ट दिवस-2026’ के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ऑल इंडिया गवर्नमेंट एंड प्राइवेट सेक्टर फार्मासिस्ट्स एसोसिएशन तथा चीफ फार्मेसी ऑफिसर्स एंड फार्मेसी ऑफिसर्स एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी और स्वास्थ्य विभाग का ‘नर्वस सिस्टम’ हैं। मरीजों को दवाओं के सुरक्षित उपयोग का मार्गदर्शन देने में उनकी अहम भूमिका रहती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने बीते साढ़े तीन वर्षों में मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ के हजारों पद भरे हैं तथा फार्मासिस्टों के पदोन्नति चैनल को सुदृढ़ करने के लिए सरकार गंभीरता से प्रयास करेगी।

100 फार्मासिस्टों और 200 से अधिक डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू: डॉ. गोपाल बेरी

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक डॉ. गोपाल बेरी ने फार्मासिस्टों को स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ की हड्डी बताया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान फार्मासिस्टों के अतुलनीय योगदान से ही हिमाचल टीकाकरण में देशभर में अग्रणी रहा। डॉ. बेरी ने जानकारी दी कि प्रदेश में जल्द ही 100 फार्मासिस्टों की नियमित व बैचवाइज भर्ती तथा 200 से अधिक डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके अलावा उप निदेशक (फार्मासिस्ट) और मुख्य फार्मासिस्ट ऑफिसर के नए पद सृजित करने का प्रस्ताव भी सरकार को भेजा गया है।

स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और पेशेवर हितों पर हुआ मंथन

विश्व फार्मासिस्ट दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस विचार-विमर्श में फार्मेसी क्षेत्र के आधुनिक विकास, मरीजों की बेहतर देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने पर चर्चा की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं सुमेध शर्मा, जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश ठाकुर, सीएमओ शिमला डॉ. यशपाल रांटा, केएनएच के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.एस. नेगी और रिपन अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लोकेंद्र शर्मा सहित कई वरिष्ठ डॉक्टर व फार्मासिस्ट अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...