रमेश कंवर: शिमला
Himachal Politics: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण विभाग के संयोजक युवराज बौद्ध को पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा एक महत्वपूर्ण और नया राजनीतिक दायित्व सौंपा गया है। नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के सफल 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले “नमो सेवा अनकही कहानियां” कार्यक्रम के लिए युवराज बौद्ध को भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा का राष्ट्रीय प्रभारी नियुक्त किया गया है।
युवराज बौद्ध को राष्ट्रीय स्तर पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से हिमाचल प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं और देशभर के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नेताओं व कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है तथा वे उन्हें लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं।
17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान‘, हर बूथ पर जलेंगे 100 दीपक
भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश सहित पूरे देश भर में “सेवा संकल्प अभियान – जन सेवा ही प्रभु सेवा” का विशेष आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, आगामी 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर अभियान का शुभारंभ होगा। इस दिन देश भर के प्रत्येक मतदान केंद्र (पोलिंग बूथ) पर 100 दीपक जलाए जाएंगे। महीने भर चलने वाला यह व्यापक जनसेवा अभियान 17 अक्टूबर 2026 को संपन्न होगा। इस अभियान के माध्यम से संगठन द्वारा सेवा कार्यों के साथ-साथ प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के प्रशासनिक व जनसेवा के सफर की ‘अनकही कहानियों’ को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।