Himachal Weather: हिमाचल में मौसम बदलने के संकेत, 5 अक्तूबर से बारिश और बर्फबारी के आसार; आंधी का अलर्ट जारी

Himachal Weather

रमेश कंवर: शिमला 

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में अक्तूबर की शुरुआत के साथ ही मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। यद्यपि राज्य में फिलहाल मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में कुछ क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा 2 अक्तूबर को जारी राज्य दैनिक मौसम बुलेटिन में आगामी दिनों का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान बिलासपुर के बिजाही में 8.2 मिलीमीटर और किन्नौर के नाथपा में 0.6 मिलीमीटर बारिश हुई। राज्य में कहीं भी हिमपात, आंधी-तूफान, ओलावृष्टि या कोहरे जैसी स्थिति दर्ज नहीं की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 5 अक्तूबर को राज्य में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 6 और 8 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और उच्च पर्वतीय शिखरों पर हिमपात की संभावना जताई गई है। सप्ताह के बाकी दिनों में प्रदेश भर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।

6 अक्तूबर को जिलावार पूर्वानुमान के तहत ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं जनजातीय जिलों किन्नौर और लाहौल-स्पीति में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी के आसार हैं।

मौसम विभाग ने 6 अक्तूबर को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है। इस दौरान ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, शिमला और सिरमौर जिलों में एक-दो स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

इन मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। प्रशासन और मौसम विभाग ने पर्यटकों व स्थानीय निवासियों को खराब मौसम के दौरान एहतियात बरतने और नदी-नालों तथा संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।

खबरें और भी हैं...