Himachal Weather: हिमाचल में फिर सक्रिय हुआ मानसून, आज से 17 सितंबर तक हल्की बारिश की संभावना, भूस्खलन से 63 सड़कें बंद

Himachal Weather

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में बीते कुछ दिनों से सुस्त पड़े मानसून ने एक बार फिर अपनी रफ्तार पकड़ ली है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान झमाझम बारिश दर्ज की गई है। कांगड़ा जिला के मुख्यालय धर्मशाला में सबसे अधिक 87.2 मिलीमीटर वर्षा हुई, वहीं राजधानी शिमला में भी शुक्रवार रात और शनिवार को दिन भर वर्षा का दौर जारी रहा। बारिश के कारण प्रदेश भर में भूस्खलन से 63 सड़कें यातायात के लिए अवरुद्ध हो गई हैं और 21 बिजली ट्रांसफार्मर ठप पड़ गए हैं।

मौसम की मार से शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के पंद्रह-बीस क्षेत्र स्थित फांचा कंडे के पास बड़ा हादसा हुआ, जहां जंगल की जमीन धंसने से कई दर्जन देवदार के विशालकाय पेड़ उखड़कर ताश के पत्तों की तरह ढह गए।

 

18 सितंबर तक हल्की बारिश का पूर्वानुमान, कोई अलर्ट नहीं

मौसम विभाग द्वारा जारी सात दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार 13 से 17 सितंबर तक राज्य में केवल छिटपुट वर्षा की गतिविधियां बनी रहेंगी। वहीं 18 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। राहत की बात यह है कि आगामी सातों दिनों के लिए विभाग की ओर से भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इस मानसून सीजन में हिमाचल प्रदेश में अब तक सामान्य से 11 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

 

विभिन्न क्षेत्रों में दर्ज बारिश के आंकड़े

धर्मशाला: 87.2 मिलीमीटर

कांगड़ा: 68.8 मिलीमीटर

कुफरी: 64.6 मिलीमीटर

शिलारू: 54.6 मिलीमीटर

जोगिंदरनगर: 48.0 मिलीमीटर

खबरें और भी हैं...