Kangra News: पेड़ से टकराई बाइक, युवक की मौत और दो गंभीर घायल

Kangra News: जसूर-तलवाड़ा मार्ग पर रैहन के पास सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। स्कूल खेल मैदान के समीप एक अनियंत्रित बाइक सीधे पेड़ से टकरा गई, जिससे बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य बुरी तरह घायल हो गए।

पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। मृतक युवक की पहचान फतेहपुर क्षेत्र निवासी अमन गुलेरिया के रूप में हुई है।

 

सड़क किनारे झाड़ियों में गिरने से रात भर नहीं लग सका हादसे का सुराग

हादसे के समय तीनों युवक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे कि अचानक वाहन संतुलन खो बैठा और पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सवार छिटककर सड़क किनारे गहरी झाड़ियों में जा गिरे। रात के अंधेरे और घनी झाड़ियों के कारण किसी भी राहगीर की नजर उन पर नहीं पड़ी। इस वजह से पूरी रात घायलों को कोई सहायता नहीं मिल सकी और वे झाड़ियों में ही पड़े रहे।

 

सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने किया घायलों का रेस्क्यू

मंगलवार सुबह करीब पौने चार बजे जब स्थानीय निवासियों को दुर्घटना का पता चला तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से युवकों को बाहर निकाला। पुलिस ने तीनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल रैहन पहुंचाया। इसके साथ ही पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर घटना के कारणों की पड़ताल शुरू की।

 

डॉक्टरों ने अमन को किया मृत घोषित, दो घायलों का उपचार जारी

सिविल अस्पताल रैहन में डॉक्टरों ने जांच के बाद फतेहपुर निवासी अमन गुलेरिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों को तुरंत आपातकालीन चिकित्सा दी जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत पर नजर रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही घायलों और मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं।

 

छानबीन में जुटी पुलिस

मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंपा जा रहा है। दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...