कुल्लू में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश न्यायालय का उद्घाटन, मुख्य न्यायाधीश संधावालिया ने वर्चुअल माध्यम से किया शुभारंभ

2 घंटे पहले
Kullu News Court Inauguration

रमेश कंवर: कुल्लू

Kullu News: जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर कुल्लू में न्यायिक प्रणाली को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। शुक्रवार को कुल्लू न्यायालय परिसर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश न्यायालय का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस नए न्यायालय का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया ने वर्चुअल माध्यम से किया।

नए न्यायालय की स्थापना से कुल्लू जिले में लंबे समय से लंबित पड़े न्यायिक मामलों का त्वरित निस्तारण हो सकेगा और आम जनता को सुलभ व समयबद्ध न्याय मिल सकेगा।

वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया ने कहा कि नए न्यायालय का शुभारंभ प्रदेश की न्यायिक प्रक्रिया को अधिक सशक्त, सुगम और प्रभावी बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। इससे मुकदमों के जल्द निपटारे में सीधी सहायता मिलेगी और वकीलों व न्याय मांगने वाले सभी पक्षों को इसका सीधा लाभ पहुंचेगा। उन्होंने कुल्लू में इस नए न्यायालय को खोलने में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की रजिस्ट्री द्वारा किए गए प्रयासों की जमकर सराहना की।

समारोह से पूर्व प्रशासनिक न्यायाधीश (सिविल एवं सत्र मंडल कुल्लू) न्यायमूर्ति राकेश कैंथला ने भी अपना संबोधन दिया। वहीं जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुल्लू प्रकाश चंद राणा ने मुख्य न्यायाधीश व अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत करते हुए इस शुभारंभ को कुल्लू के न्यायिक तंत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया।

इस गरिमामयी समारोह में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के अन्य न्यायमूर्तियों के साथ-साथ कुल्लू के सभी न्यायिक अधिकारी, सहायक आयुक्त जयबन्ती ठाकुर, हिमाचल बार काउंसिल की सदस्य शिवानी शर्मा तथा जिला बार एसोसिएशन के तमाम वरिष्ठ अधिवक्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...