Kullu News: डीएवी मनाली के 50 छात्रों को मिले गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रमाण पत्र, योगी अक्षरनाथ ने बांटे सर्टिफिकेट

2 सप्ताह पहले
Dav Manali

रमेश कंवर: मनाली

Kullu News: पर्यटन नगरी मनाली के डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित विशेष योग एवं अध्यात्म शिविर के दौरान 50 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। ये प्रमाण पत्र हिमालयी सिद्ध अक्षर द्वारा संस्थापित वैश्विक योग और आध्यात्मिक संस्थान ‘अक्षर योग केंद्र’ द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बनाए गए रिकॉर्ड में भाग लेने वाले छात्रों को प्रदान किए गए। शुक्रवार को आयोजित इस गरिमामयी समारोह में अक्षर योग केंद्र के संस्थापक योगी अक्षरनाथ ने विद्यार्थियों को अपने कर-कमलों से ये सर्टिफिकेट आवंटित किए। इस अवसर पर जापान और वियतनाम से आए उनके विदेशी अनुयायी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए योगी अक्षरनाथ ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में ध्यान और एकाग्रता बढ़ाने के लिए योग सबसे सशक्त, सहज और प्रभावशाली माध्यम है। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था को 3 सितंबर 2026 को भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के योग प्रमाणन बोर्ड (YCB) द्वारा देश के अग्रणी योग संस्थान के रूप में आधिकारिक मान्यता प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि संस्थान के नाम अब तक कुल 42 विश्व रिकॉर्ड बनाने का कीर्तिमान दर्ज हो चुका है, जिनमें से 21 विश्व रिकॉर्ड इसी वर्ष 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बनाए गए थे।

योगी अक्षरनाथ ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ योग तथा अध्यात्म से जोड़ना है, ताकि वे इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बना सकें। इस अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल मनाली की प्रधानाचार्य निरुपमा बेदी ने संस्थान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर के गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्कूल के 50 विद्यार्थियों का शामिल होना पूरे कुल्लू जिले और स्कूल परिवार के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे शिविर आयोजित होते रहेंगे।

कार्यक्रम में नगर परिषद मनाली के पूर्व अध्यक्ष चमन कपूर ने भी शिरकत की और छात्रों से अपनी सेहत व मानसिक संतुलन के लिए नियमित योग अभ्यास करने का आह्वान किया।

खबरें और भी हैं...