Kullu News: ओल्ड मनाली में चमकेगी सड़क, विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने भूमि पूजन कर पेवर ब्लॉक कार्य का किया आगाज

2 घंटे पहले
Kullu News Old Manali Paver Block Work Bhuvneshwar Gaur

रमेश कंवर: मनाली 

Kullu News: विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ओल्ड मनाली में सड़कों के कायाकल्प और सुंदरीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मनाली विधानसभा क्षेत्र के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने ओल्ड मनाली में मुख्य मार्ग पर पेवर ब्लॉक लगाने के कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर औपचारिक शुभारंभ किया। इस विकास कार्य के शुरू होने से स्थानीय ग्रामीणों सहित रोजाना यहां पहुंचने वाले हजारों देशी-विदेशी पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।

भूमि पूजन समारोह के उपरांत ओल्ड मनाली ग्राम पंचायत के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि ओल्ड मनाली समूचे कुल्लू क्षेत्र का एक प्रमुख सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन केंद्र है। यहां आवागमन की बेहतर, आधुनिक और सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार और उनकी व्यक्तिगत प्राथमिकताओं में प्रमुखता से शामिल है।

 

पर्यटकों और स्थानीय लोगों को कीचड़ व फिसलन से मिलेगी मुक्ति

विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि लंबे समय से स्थानीय निवासियों और पर्यटन कारोबारियों द्वारा इस व्यस्त मार्ग के सुदृढ़ीकरण की मांग उठाई जा रही थी। मार्ग पर पेवर टाइल्स लगने से न केवल इस पूरे इलाके की सुंदरता में निखार आएगा, बल्कि आगामी बरसात और बर्फबारी के विषम मौसम में पैदा होने वाली कीचड़ तथा फिसलन की गंभीर समस्या से भी स्थायी निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि मनाली का सर्वांगीण विकास और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार ही उनका मुख्य संकल्प है।

 

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश

विधायक ने निर्माण कार्य से जुड़े संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पेवर ब्लॉक बिछाने के काम में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। इस अवसर पर ओल्ड मनाली ग्राम पंचायत के प्रधान खेम चंद ठाकुर, पूर्व प्रधान मोनिका भारती, वरिष्ठ कांग्रेस नेता टेक चंद ठाकुर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। विधायक ने विकास कार्यों में जनसहयोग के लिए सभी का आभार जताया।

खबरें और भी हैं...