Kullu News: राष्ट्रीय खेल दिवस के शुभ अवसर पर कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर खेल परिसर में युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, जिला कुल्लू द्वारा आयोजित इस जिला स्तरीय खेल समारोह में विभिन्न स्पर्धाओं के अंतर्गत लगभग 250 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस. ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

विभिन्न खेलों के रोमांचक मुकाबले, विजेताओं को मिले मेडल और ट्रॉफी
इस खेल महाकुंभ के दौरान हॉकी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग और बैडमिंटन के रोमांचक मुकाबले खेले गए। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी कविता ठाकुर ने विजेताओं का ब्योरा साझा करते हुए बताया कि टेबल टेनिस गर्ल्स अंडर-11 में युबिता, बॉयज अंडर-11 में हेयांश और अंडर-19 में धनंजय ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं विमेंस सिंगल्स में दीक्षा और मेंस सिंगल्स में सिद्धार्थ ने स्वर्ण पदक जीता। बैडमिंटन अंडर-15 में शाव्या धीमान व अर्श ठाकुर तथा अंडर-19 में सृष्टि ठाकुर चैंपियन बनीं। इसके अलावा बास्केटबॉल के अंडर-19 बॉयज व गर्ल्स दोनों वर्गों में एकेडमी-ए कुल्लू ने परचम लहराया, जबकि वॉलीबॉल में खेलो इंडिया सेंटर सीनियर टीम विजेता रही।

हॉकी और बॉक्सिंग में युवा मुक्केबाजों का जलवा
हॉकी प्रतियोगिता के गर्ल्स वर्ग में ‘गर्ल्स इन ब्लैक’ और बॉयज वर्ग में ‘सीनियर-7’ ने खिताबी जीत दर्ज की। रिंग के अंदर मुक्केबाजी के विभिन्न भार वर्गों में तन्मय, वीरेंद्र, अनमोल, देव राम, सुन्यांश और उज्जवल ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर विजेता का खिताब हासिल किया। मुख्य अतिथि एसपी कुल्लू ने सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया। खेल विभाग ने प्रतिबद्धता दोहराई कि भविष्य में भी जिला स्तर पर ऐसी प्रतियोगिताएं आयोजित कर स्थानीय प्रतिभाओं को बड़ा मंच प्रदान किया जाएगा।