रमेश कंवर: कुल्लू
Kullu News: पर्यटन नगरी कुल्लू और मनाली आने-जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को भविष्य में भारी ट्रैफिक जाम और बरसात में भूस्खलन की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। ब्यास नदी के दूसरी ओर लेफ्ट बैंक मार्ग पर रामशिला से मनाली तक करीब 37 किलोमीटर लंबी टू-लेन सड़क बनाने की विस्तृत योजना तैयार की गई है।
हालांकि, प्रस्तावित सामरिक बिलासपुर-मनाली-लेह रेललाइन के रूट के साथ टकराव के चलते इस सड़क की अलाइनमेंट तय करने में गंभीर तकनीकी अड़चनें सामने आई हैं। मामले को सुलझाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को पत्र लिखकर रेल मंत्रालय के साथ उच्चस्तरीय संयुक्त बैठक बुलाने का औपचारिक आग्रह किया है।
सड़क के दायरे में आ रही हैं रेलवे की 19 क्रॉसिंग
रामशिला से नग्गर और जगतसुख होते हुए मनाली तक प्रस्तावित इस 37 किलोमीटर लंबे टू-लेन वैकल्पिक मार्ग की अलाइनमेंट को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। तकनीकी सर्वे में सामने आया है कि सड़क के प्रस्तावित रूट पर बिलासपुर-मनाली-लेह रेललाइन की करीब 19 क्रॉसिंग बिंदु आ रहे हैं।
दोनों मंत्रालयों में तालमेल जरूरी
ऐसे में यदि दोनों केंद्रीय परियोजनाओं के बीच समय रहते सामंजस्य नहीं बैठाया गया, तो भविष्य में निर्माण कार्य प्रभावित हो सकता है। एनएचएआई का मानना है कि सड़क और रेल मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों की बैठक के बाद ही इन 19 क्रॉसिंग बिंदुओं का तकनीकी समाधान निकलेगा, जिसके बाद ही टेंडर और निर्माण की आगामी प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
प्रीणी में 700-700 मीटर लंबी दो सुरंगें
परियोजना के तकनीकी प्रारूप के तहत यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रीणी के पास 700-700 मीटर लंबी दो जुड़वां सुरंगों का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त गैमन पुल और वैष्णो माता मंदिर के बीच ब्यास नदी पर एक नया आधुनिक पुल भी बनाया जाएगा। इन बड़े निर्माण कार्यों से न केवल सफर का समय घटेगा, बल्कि लेफ्ट बैंक क्षेत्र की दर्जनों पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को सालभर निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही पर्यटन सीजन के दौरान मनाली में लगने वाले घंटों लंबे जाम से भी निजात मिलेगी।
राइट बैंक पर घटेगा दबाव
वर्तमान में कुल्लू-मनाली के बीच राइट बैंक मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग) पर वाहनों का अत्यधिक दबाव रहता है। वहीं बरसात के दिनों में ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ने और बाढ़ की स्थिति में राइट बैंक मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से मनाली का संपर्क कटने का खतरा बना रहता है। ऐसे में लेफ्ट बैंक का यह टू-लेन मार्ग घाटी के लिए एक मजबूत और सुरक्षित वैकल्पिक लाइफलाइन का काम करेगा।
बरसात में मिलेगा सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग
एनएचएआई मंडी के उपप्रबंधक दिग्व्रत सिंह ने पुष्टि की है कि लेफ्ट बैंक मार्ग की अलाइनमेंट और रेलवे क्रॉसिंग के बिंदुओं पर सहमति बनाने के लिए मंत्रालय को पत्र भेजा गया है और जल्द होने वाली उच्चस्तरीय बैठक के बाद निर्माण की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।