रमेश कंवर: कुल्लू
Kullu News: कुल्लू जिले की सुंदर सैंज घाटी के मझाण गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई महिला को पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मंडी जिले के पंडोह से सकुशल बरामद कर लिया है। महिला के पति ने 10 सितंबर को सैंज पुलिस थाने में अपनी पत्नी की गुमशुदगी और उसे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने महिला को बरामद कर आगामी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करना शुरू कर दिया है।
पुलिस से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता दीवान चंद पुत्र ऐले राम (निवासी गांव मझाण, तहसील सैंज, जिला कुल्लू) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी पत्नी जयवंती देवी गत 9 सितंबर को अचानक बिना बताए घर से कहीं लापता हो गई। पीड़ित पति ने आशंका जताई थी कि उसकी पत्नी को कोई अज्ञात व्यक्ति फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
पति की शिकायत के आधार पर सैंज पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लापता महिला की तलाश के लिए जगह-जगह दबिश देना शुरू किया। जांच और सर्विलांस के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि उक्त महिला पड़ोसी जिले मंडी के पंडोह क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही सैंज पुलिस की विशेष टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पंडोह में दबिश दी और महिला को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला को बरामद करने के बाद उसके बयान कलमबद्ध किए जा रहे हैं। महिला के बयानों और मामले के तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।