Kullu News: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा हिमाचल प्रदेश में 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए प्रदेश स्तरीय स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य स्कूली छात्रों के सर्वांगीण विकास और सामान्य ज्ञान को बढ़ावा देना है। एबीवीपी जिला कुल्लू के जिला संयोजक ऋतिक कार्तिक ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता आगामी 4 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर के सैकड़ों स्कूली विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।
ऋतिक कार्तिक ने बताया कि प्रतियोगिता की परीक्षा के लिए 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें ए, बी और सी तीन अलग-अलग सीरीज में तैयार किया जाएगा। प्रश्नपत्र हल करने के लिए विद्यार्थियों को 1 घंटे का समय दिया जाएगा। परीक्षा में हिमाचल प्रदेश, भारत, विश्व, भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन, भाषा, सामान्य विज्ञान, धर्म एवं संस्कृति, खेलकूद, करंट अफेयर्स, रीजनिंग और विद्यार्थी परिषद के इतिहास से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे।
14 से 26 सितंबर तक होगा पंजीकरण, 30 रुपये शुल्क तय
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों को 14 सितंबर से 26 सितंबर 2026 तक अपना पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा। इसके लिए 30 रुपये का न्यूनतम पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है। ऋतिक कार्तिक ने बताया कि पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या के आधार पर परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा और इसकी सूचना संबंधित विद्यालयों के माध्यम से छात्रों को दी जाएगी।
विजेताओं को मिलेंगे 6.22 लाख के नकद पुरस्कार
प्रतियोगिता का परिणाम 31 अक्टूबर 2026 को प्रदेश और जिला स्तर पर एक साथ घोषित किया जाएगा। जिला स्तरीय सम्मान समारोह 1 नवंबर से 31 दिसंबर 2026 के मध्य आयोजित होंगे, जबकि प्रदेश स्तरीय भव्य पुरस्कार वितरण समारोह 12 जनवरी 2027 को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में प्रदेश और जिला स्तर पर कुल 6,22,500 रुपये की नकद पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। इसके अतिरिक्त विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।