Lahaul Spiti News: जाहलमा में राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, संसद तक आवाज उठाने का दिया आश्वासन

1 सप्ताह पहले
Lahaul Spiti News Jahlma Public Meeting

Lahaul Spiti News: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के जाहलमा में आयोजित एक जनसभा के दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार ने स्थानीय ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने क्षेत्र में बाढ़, भूस्खलन और क्षतिग्रस्त पुलों से जुड़ी गंभीर समस्याएं सांसद के समक्ष रखीं। डॉ. सिकंदर कुमार ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे और आवश्यकता पड़ने पर संसद में भी क्षेत्र की आवाज बुलंद की जाएगी।

जनसभा के दौरान जोबरंग पुल के समीप ग्राम पंचायत प्रधान के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने जोबरंग पुल तथा आवागमन से आ रही परेशानियों की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही ग्रामीणों ने जाहलमा में आई हालिया बाढ़, लिंडूर गांव में लगातार हो रहे भूस्खलन, जसरथ गांव पर मंडरा रहे खतरे और हालिंग सहित आसपास के इलाकों में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान से सांसद को अवगत करवाया और जल्द से जल्द राहत व स्थायी समाधान की मांग की।

 

रवि ठाकुर की अध्यक्षता में दिल्ली जाएगा प्रतिनिधिमंडल

राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की समस्याओं को उचित स्तर पर उठाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि लाहौल-स्पीति के पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रवि ठाकुर की अध्यक्षता में एक विशेष प्रतिनिधिमंडल को दिल्ली बुलाया जाएगा। यह प्रतिनिधिमंडल केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालयों और अधिकारियों के समक्ष जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति की प्राकृतिक आपदाओं और बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं को प्रभावी ढंग से रखेगा, ताकि प्रभावित गांवों को शीघ्र राहत पहुंचाई जा सके।

खबरें और भी हैं...