Manali News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मनाली और अटल टनल प्रवास को लेकर विशेष यातायात प्लान लागू, भारी वाहनों पर लगा प्रतिबंध

रमेश कंवर: मनाली

Himachal News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 6 से 8 अक्तूबर तक कुल्लू जिले के मनाली एवं अटल टनल रोहतांग प्रवास को देखते हुए जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त अमित कुमार शर्मा ने मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 और 117 के तहत आदेश जारी किए हैं।

पुलिस अधीक्षक कुल्लू द्वारा तैयार की गई विस्तृत यातायात संचालन योजना के आधार पर विभिन्न मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को निर्धारित अवधि में प्रतिबंधित और डायवर्ट किया जाएगा। प्रशासन ने स्थानीय लोगों, पर्यटकों और वाहन चालकों से यातायात व्यवस्था का पालन करने तथा पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया है।

 

6 और 7 अक्तूबर को अटल टनल मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक

जारी आदेशों के अनुसार 6 अक्तूबर रात 8 बजे से 7 अक्तूबर दोपहर 12 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों को अटल टनल की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुसार इन वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित अथवा वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा। इसके साथ ही 7 अक्तूबर को पलचान से अटल टनल रोहतांग तक सभी प्रकार के छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यह व्यवस्था राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम तथा वीवीआईपी सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप लागू की जाएगी।

 

रामबाग से हडिम्बा मंदिर और ओल्ड मनाली मार्ग पर भारी वाहन प्रतिबंधित

मनाली शहर के भीतर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम लागू किए गए हैं, जिसके तहत 6 से 8 अक्तूबर तक रामबाग से हडिम्बा मंदिर एवं ओल्ड मनाली की ओर सभी भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान आवश्यकता पड़ने पर सामान्य वाहनों को भी कुछ समय के लिए रोका जा सकता है। स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ मुख्य चौराहों पर पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए वाहन चालकों को निर्धारित समय सारिणी का पालन करने की सलाह दी गई है।

 

आपातकालीन सेवाओं, एंबुलेंस और वीवीआईपी ड्यूटी वाहनों को रहेगी पूरी छूट

प्रशासन द्वारा जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि यातायात प्रतिबंधों से आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह से बाहर रखा गया है। एंबुलेंस, अग्निशमन वाहनों, पुलिस एवं सुरक्षा वाहनों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होंगे। इसके अलावा वीवीआईपी ड्यूटी में तैनात वाहनों तथा सक्षम प्राधिकारी द्वारा विशेष रूप से पास प्राप्त अधिकृत वाहनों को सुरक्षा जांच के अधीन आवाजाही करने की अनुमति दी जाएगी ताकि आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों।

 

पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से पुलिस प्रशासन ने मांगी सहयोग की अपील

राष्ट्रपति के तीन दिवसीय प्रवास के दौरान मनाली और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों की भारी आवाजाही को देखते हुए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। पुलिस बल को संवेदनशील स्थलों पर मुस्तैद रखा गया है। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाएगा ताकि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान आम जनता और पर्यटकों को कम से कम असुविधा हो और दौरा शांतिपूर्वक संपन्न कराया जा सके।

खबरें और भी हैं...