National News: यूनिवर्सिटी ऑफ लद्दाख के छात्र संघ चुनाव में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की जीत के बाद केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख और राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। छात्र संघ चुनावों में एबीवीपी ने लेह कैंपस में आठ में से पांच सीटों पर कब्जा जमाया है। इस परिणाम के बाद जहां भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने इसे राष्ट्रवाद की जीत बताया है, वहीं राज्य का दर्जा और संविधान की छठी अनुसूची के तहत सुरक्षा उपायों की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे स्थानीय लद्दाखी सामाजिक और राजनीतिक संगठनों की एकता में दरार उजागर होने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय ने दी बधाई
अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष युवराज बौद्ध ने यूनिवर्सिटी के नतीजों ने क्षेत्रीय अधिकारों की लड़ाई में दरार को उजागर किया जबकि अमित शाह और नितिन गडकरी ने जीत की तारीफ़ की और अपने पोस्ट में राष्ट्रवाद का ज़िक्र किया

अमित शाह और नितिन गडकरी ने दी बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस जीत की सराहना करते हुए सोशल मीडिया पर अपने संदेश साझा किए। केंद्रीय गृह मंत्री ने इन नतीजों को टकराव वाली स्थानीय राजनीति को खारिज करने के रूप में पेश किया और कहा कि लद्दाख के युवाओं ने ‘विभाजनकारी और अराजक ताकतों’ के बजाय ‘राष्ट्रवाद’ का समर्थन किया है। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष युवराज बौद्ध ने भी एबीवीपी को जीत की बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम दर्शाता है कि क्षेत्र के युवा विकास और मुख्यधारा के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं।
स्थानीय आंदोलन के नेता हैरान, खरीद-फरोख्त के लगाए गंभीर आरोप
दूसरी ओर, लद्दाख को राज्य का दर्जा और विशेष संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए आंदोलन का नेतृत्व कर रहे स्थानीय संगठनों के नेता इन नतीजों से सकते में हैं। नेताओं ने खुलकर स्वीकार किया कि उन्हें छात्र संघ चुनावों में ऐसे परिणाम आने का बिल्कुल अंदेशा नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस परिणाम के पीछे कुछ सफल उम्मीदवारों की खरीद-फरोख्त की गई है। स्थानीय विश्लेषकों का मानना है कि इस जीत ने उस साझा मंच की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जो पिछले काफी समय से केंद्र सरकार के खिलाफ लद्दाख के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा था।
युवा वर्ग के बदलते रुख और लद्दाख के राजनीतिक परिदृश्य पर पड़ेगा असर
यूनिवर्सिटी ऑफ लद्दाख में एबीवीपी की यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि हाल के वर्षों में लद्दाख में स्थानीय अधिकारों, रोजगार और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर व्यापक जनआंदोलन चले हैं। ऐसे संवेदनशील दौर में कैंपस स्तर पर राष्ट्रवाद और मुख्यधारा की छात्र राजनीति का प्रभाव बढ़ना क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों में नए बदलाव का संकेत दे रहा है। जहां भाजपा इसे युवाओं के विश्वास की पुनर्बहाली के तौर पर देख रही है, वहीं स्थानीय आंदोलनकारी समूह इसे आंदोलन को कमजोर करने की साजिश बता रहे हैं।