Nurpur News: कंडवाल बैरियर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध बिरोजे से भरा ट्रक जब्त और चालक गिरफ्तार

Nurpur News: हिमाचल प्रदेश की बेशकीमती वन संपदा की तस्करी करने वालों के खिलाफ पुलिस जिला नूरपुर ने एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है। नूरपुर पुलिस ने हिमाचल-पंजाब सीमा पर स्थित कंडवाल बैरियर पर नाकेबंदी के दौरान एक ट्रक से 15-15 लीटर क्षमता वाले 270 टीन अवैध बिरोजा बरामद किया है।

पुलिस ने माल सहित ट्रक को जब्त कर चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि चालक के खिलाफ वन संपदा की तस्करी के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार नूरपुर पुलिस की टीम कंडवाल बैरियर पर नियमित नाकाबंदी और यातायात चैकिंग कर रही थी। इसी बीच रात करीब 9:30 बजे जसूर की ओर से एक संदिग्ध ट्रक वहां पहुंचा।

संदेह के आधार पर जब पुलिस ने ट्रक को जांच के लिए रोका और उसकी तलाशी ली तो पीले रंग के तिरपाल के नीचे लोहे के टीन बड़ी संख्या में छिपे हुए मिले। गहन जांच करने पर पाया गया कि सभी टीन अवैध बिरोजा से भरे हुए थे।

मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने जब ट्रक चालक से बिरोजा के परिवहन से संबंधित वैध परमिट या अधिकार पत्र मांगा, तो वह कोई भी कानूनी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत वन विभाग को सूचित किया। इसके बाद वन विभाग के रेंज अधिकारी और वनरक्षक मौके पर पहुंचे और उनकी मौजूदगी में टीनों को उतारकर गिना गया, जिनकी कुल संख्या 270 पाई गई।

अवैध तरीके से वन संपदा ले जाने के आरोप में पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान करण मन्हास पुत्र चूड़ सिंह मन्हास, निवासी गांव वेही पठियार, तहसील ज्वाली जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि इस तस्करी में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं।

इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने बिना वैध दस्तावेजों के बिरोजा ले जा रहे ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

उन्होंने बताया कि 270 टीन बिरोजा और तस्करी में इस्तेमाल किए गए ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में बिरोजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां होनी थी।

खबरें और भी हैं...