Shimla News: फरीदाबाद से दबोचा गया 1.25 करोड़ के चिट्टा सिंडिकेट का मुख्य डिस्ट्रीब्यूटर, कुरकुरे और दूध के पैकेट में छिपाता था नशा

रमेश कंवर: शिमला

Shimla News: शिमला पुलिस द्वारा नशे के काले कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान को एक और बड़ी और ऐतिहासिक सफलता मिली है। पुलिस थाना बालूगंज की टीम ने अंतर्राज्यीय चिट्टा सिंडिकेट के मुख्य डिस्ट्रीब्यूटर रवि अहिरवार को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की आयु मात्र 21 वर्ष है, जो पिछले एक साल में करीब 50 बार शिमला आकर नशे की बड़ी खेप सप्लाई कर चुका है। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसमें चिट्टा छिपाने और सप्लाई करने से जुड़े कई अहम वीडियो और डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।

 

दूध व कुरकुरे के खाली पैकेटों में छिपाकर रखता था चिट्टा

पुलिस जांच में आरोपी के काम करने के बेहद शातिराना तरीके का खुलासा हुआ है। आरोपी रवि अहिरवार शिमला के आईएसबीटी टूटीकंडी और आसपास के क्षेत्रों में खाली दूध, कुरकुरे तथा अन्य स्नैक्स के पैकेटों के भीतर चिट्टे की पुड़िया छिपाकर रखता था। इसके बाद वह उस स्थान का छोटा वीडियो बनाकर गिरोह के मुख्य संचालकों को भेज देता था। जब खरीददार द्वारा ऑनलाइन भुगतान की पुष्टि कर दी जाती थी, तब गिरोह के सरगना ग्राहक को वह वीडियो और सटीक लोकेशन साझा करते थे। इस तरह बिना किसी प्रत्यक्ष संपर्क के नशे का यह काला नेटवर्क चलाया जा रहा था।

 

3 महीने में 1.25 करोड़ का वित्तीय लेन-देन, रिमांड पर आरोपी

मामले की गहन वित्तीय जांच के दौरान पुलिस को पिछले केवल तीन महीनों में इस गिरोह द्वारा करीब 1.25 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन के पुख्ता और ठोस प्रमाण मिले हैं। इस बड़े अंतर्राज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ 24 अप्रैल 2026 को हुआ था, जब बालूगंज पुलिस ने केवल 7 ग्राम चिट्टे के साथ एक स्थानीय आरोपी को दबोचा था। इसके बाद कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने बिहार के दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया और अब पूरे नेटवर्क के मुख्य डिस्ट्रीब्यूटर तक पहुंचने में सफलता पाई है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से कड़ी पूछताछ कर गिरोह के अन्य सहयोगियों की तलाश तेज कर दी गई है।

खबरें और भी हैं...