रमेश कंवर: शिमला
Shimla News: शिमला जिले के उपमंडल ठियोग स्थित सिविल अस्पताल ठियोग में स्वास्थ्य सेवाओं और कर्मचारियों की कथित लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां उपचार के लिए आई ठियोग के संधु क्षेत्र की रहने वाली एक महिला मरीज को ड्यूटी पर तैनात नर्स द्वारा किसी अन्य मरीज के नाम का गलत इंजेक्शन लगा दिया गया। इस घटना के तुरंत बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और परिजनों ने स्वास्थ्य कर्मचारियों के रवैये पर कड़ा एतराज जताया।
गलत इंजेक्शन लगने की बात सामने आते ही मरीज के परिजनों ने तुरंत ठियोग पुलिस थाना पहुंचकर संबंधित नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करवा दी है। राहत की बात यह है कि गलत इंजेक्शन दिए जाने के बावजूद महिला मरीज की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि, घटना के बाद परिजनों का गुस्सा और चिंता काफी बढ़ गई है।

गलती मानने को तैयार नहीं अस्पताल स्टाफ, परिजनों का आरोप
मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इतनी बड़ी लापरवाही उजागर होने के बावजूद संबंधित डॉक्टर और उनका स्टाफ अपनी गलती स्वीकार करने को तैयार नहीं है। परिजनों का दावा है कि अगर समय रहते स्थिति पर ध्यान न दिया जाता तो महिला की जान को बड़ा खतरा हो सकता था।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच, परिजनों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
पुलिस थाना ठियोग में शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस अस्पताल के रिकॉर्ड, ड्यूटी रोस्टर और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की सच्चाई का पता लगाया जा सके। उधर, पीड़िता के परिजनों और स्थानीय लोगों ने इस तरह की लापरवाही पर कड़ा संज्ञान लेते हुए दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।