Solan News: बद्दी में नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी बद्दी विनोद धीमान के सख्त निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने दो अलग-अलग मामलों में तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 52.07 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) और 6.16 ग्राम मेथम्फेटामाइन (एमडीएमए) ड्रग बरामद की है। इसके साथ ही तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पहला मामला बद्दी पुलिस थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए साई रोड पर अमरावती के समीप एक मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोका। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल के हैंडल पर टंगे हेलमेट के अंदर से 42.86 ग्राम हैरोइन और 6.16 ग्राम मेथम्फेटामाइन बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय प्रदीप सिंह निवासी हारटा (होशियारपुर, पंजाब) और 25 वर्षीय दानिश असलम सिरवाल निवासी किश्तवाड़ (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है।
दूसरा मामला बरोटीवाला पुलिस थाना क्षेत्र का है। भटौली कलां में टाईमैक्स कंपनी के पास पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक बाइक सवार युवक को दबोचा। गहन तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के मीटर हेड वाइजर के अंदर छिपाकर रखी गई 9.21 ग्राम हैरोइन बरामद की गई। आरोपी की पहचान 21 वर्षीय अजय कुमार निवासी पट्टा, रामशहर (जिला सोलन) के रूप में हुई है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी और बरोटीवाला में एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी, ताकि नशे के बैकवर्ड और फॉरवर्ड सप्लायर्स का पता लगाया जा सके। बद्दी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।