Solan News: हिमाचल प्रदेश में दूसरे राज्यों के लिए निर्धारित शराब की अवैध बिक्री का एक बड़ा खेल उजागर हुआ है। सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत मढ़ाला और कालूझंडा मंख एक ही मालिक के दो शराब ठेकों पर विजिलेंस ब्यूरो और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी की। इस दौरान ठेकों के भीतर से चंडीगढ़ और पंजाब में बिक्री के लिए तय शराब की भारी खेप पकड़ी गई। सरकारी व्यवस्था के बीच दूसरे राज्यों का कोटा हिमाचल के ठेकों में बेचे जाने की इस कार्रवाई में संयुक्त टीम ने कुल 611 बोतलें, 173 अध्धे, 162 पव्वे तथा बीयर की 107 बोतलें व 41 कैन बरामद किए हैं। इस मामले में ठेका मालिक और सेल्समैन के खिलाफ दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं।
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने आबकारी विभाग के अधिकारियों और स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर मढ़ाला स्थित शराब ठेके पर दबिश दी। जांच के दौरान ठेके से चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित शराब की 257 पूरी बोतलें, 173 हॉफ और 162 क्वार्टर मिले। इसके साथ ही पंजाब मार्का बीयर की 107 बोतलें और 41 कैन भी बरामद किए गए। बाहरी राज्य की शराब को स्थानीय ठेके से अवैध रूप से खपाने के इस मामले में थाना सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो बद्दी में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर संख्या 6/2026 दर्ज की गई है।
मढ़ाला में जब्ती के तुरंत बाद टीम ने उसी कारोबारी के कालूझंडा स्थित दूसरे ठेके पर छापा मारा। यहां भी नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं और तलाशी के दौरान चंडीगढ़ मार्का शराब की 354 बोतलें बरामद हुईं। बिना टैक्स चुकाए और बिना परमिट दूसरे राज्य की शराब बेचने पर विजिलेंस ने ठेका मालिक और वहां तैनात सेल्समैन के खिलाफ एफआईआर संख्या 7/2026 दर्ज की है। दोनों ही मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
विजिलेंस और आबकारी विभाग की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि सीमाओं पर सुरक्षा और नाकाबंदी के बावजूद चंडीगढ़ और पंजाब की शराब इतनी बड़ी तादाद में हिमाचल के ठेकों तक कैसे पहुंची। जांच अधिकारी इस अवैध सप्लाई चेन, सप्लायरों और ट्रांसपोर्टरों की मिलीभगत की पड़ताल कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि राजस्व को चूना लगाने और अवैध शराब के इस संगठित कारोबार से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द शिकंजा कसा जाएगा।