Aapda Prabandhan Samiksha: कुल्लू आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक में एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रस्तावित भवन निर्माण से जुड़ी सभी औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। कुल्लू में आयोजित इस समीक्षा बैठक के दौरान एडीएम ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य से जुड़ी कागजी व तकनीकी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए ताकि प्रोजेक्ट के काम में किसी भी तरह का विलंब न हो।
एनओसी और नगर नियोजन अनुमति में तेजी लाने के निर्देश
एडीएम ने बैठक में निर्देश दिए कि निर्माण कार्य और नगर नियोजन की मंजूरी के लिए आवश्यक दस्तावेज जल्द से जल्द तैयार किए जाएं। उन्होंने नगर परिषद कुल्लू तथा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग को निर्देश दिए कि भवन निर्माण के लिए जरूरी अनापत्ति प्रमाण पत्र एनओसी जारी करने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
पुराने भवनों को गिराने और वैकल्पिक व्यवस्था के आदेश
प्रस्तावित निर्माण स्थल की स्थिति की समीक्षा करते हुए एडीएम ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि वहां मौजूद पुराने भवनों को असुरक्षित घोषित कर उन्हें गिराने की कागजी कार्रवाई आगे बढ़ाएं। इसके साथ ही उन्होंने एसडीएम को निर्देश दिए कि इन पुराने भवनों में वर्तमान में चल रहे कार्यालयों के लिए तुरंत वैकल्पिक स्थानों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
विद्युत लाइन हटाने और विभागीय समन्वय पर जोर
निर्माण कार्य में आ रही व्यावहारिक बाधाओं को दूर करने के लिए उन्होंने विद्युत बोर्ड को स्पष्ट किया कि साइट पर बाधा बन रही बिजली की तारों और लाइनों को स्थानांतरित करने का काम जल्द शुरू किया जाए। इस समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग, विद्युत बोर्ड, नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग तथा नगर परिषद सहित कई अन्य प्रमुख विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।